संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले के लगभग 587 राशन डिपो धारक पिछले पांच महीनों से अपने कमीशन का इंतजार कर रहे हैं। स्थिति यह है कि कमीशन जारी न होने के कारण डिपो धारक कभी डीएफएससी कार्यालय तो कभी निदेशक कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। बावजूद इसके उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। राशन डिपो धारक परेशान हो गए हैं।
डिपो धारकों से हर माह करीब ढाई लाख राशन कार्ड पर लोगों को राशन दिया जाता है। इसकी एवज में डिपो को एक क्विंटल चीनी बेचने पर आठ रुपये, सरसों के तेल पर प्रति लीटर एक रुपये, दो रुपये प्रति किलो गेहूं पर कमीशन मिलता है। डिपो धारकों का कहना है कि पांच माह से भुगतान न मिलने से घरेलू खर्च संभालना बेहद मुश्किल हो गया है।
राशन वितरण से मिलने वाला कमीशन ही आमदनी का मुख्य साधन है। कई बार ज्ञापन देने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे उनमें रोष बढ़ता जा रहा है। ऑल फेअर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन हरियाणा के जिला प्रधान सुशील कुमार मित्तल, बृजभूषण राणा, विनोद राणा, गजेंद्र राणा ने बताया कि पिछली बार भी जब कमीशन कई महीनों तक लंबित रहा था, तब मजबूर होकर उन्हें प्रदर्शन करना पड़ा था।