यमुनानगर। साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है। बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 2.33 लाख रुपये की ठगी की गई। हैरत की बात तो यह है कि युवक का ऑनलाइन इंटरव्यू और ज्वाइंनिंग तक करा दी गई। जब युवक को शक हुआ तो उसने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
प्रोफेसर कॉलोनी निवासी मनीष ने साइबर क्राइम थाने में दी शिकायत में बताया कि जुलाई माह में उसके पास एक फोन आया। फोन करने वाली युवती ने कहा कि आपका एसडीएफसी बैंक में चयन हो गया है। जॉब कंफर्म लेटर के लिए कुछ पैसे भेजने होंगे। इसके बाद मनीष ने 2500 रुपये भेज दिए। इसके बाद मनीष का हर्ष नाम के एक व्यक्ति ने ऑनलाइन इंटरव्यू लिया और नौकरी के लिए फाइनल चयन की बात कही। आरोपियों ने झांसे में लेकर अलग-अलग करीब 2.33 लाख रुपये ले लिए। जब मनीष ने नौकरी की बात की तो आरोपी आनाकानी करने लगे। इसके बाद मनीष को कुछ शक हुआ तो उसने साइबर क्राइम थाने में पहुंचकर मामले की जांच कराने की मांग की। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले की जांच कर शिकायत दर्ज कर दी। साथ ही मुकदमे की तफ्तीश शुरू कर दी है।एसएचओ रविकांत ने बताया कि नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है।