जनता दरबार में गूंजी सीवरेज की समस्या
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। जगाधरी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल ने शनिवार को दरबार लगाया। इस दौरान पब्लिक का हाल पूछा, शिकायतें सुनीं और अफसरों को इनका समाधान करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल को विजय नगर कॉलोनी के इकबाल सिंह ने कॉलोनी से पानी निकासी की व्यवस्था कराने और पीने के पानी का इंतजाम करने की मांग की। कल्याणनगर के हंसराज ने सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। इस पर स्पीकर ने अधिकारियों को समस्या के समाधान कराने के निर्देश दिए। इस दरम्यान स्पीकर कंवरपाल ने मुख्यमंत्री किसान-खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत सहायता के चेक दिए। इसके तहत गांव मेहलावाली निवासी सुलेखचंद की पत्नी कमला देवी को एक लाख 25 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक दिया। वहीं गांव शाहपुर निवासी सुरेश कुमार की बेटी कुमारी सोनी को 25 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक दिया। इस दौरान भाजपा के जिला प्रधान महेंद्र खदरी, मार्केट कमेटी के चेयरमैन संजीव गर्ग, सचिव संत कुमार, तहसीलदार दर्शन कुमार, खजाना अधिकारी अश्वनी कुमार व सहायक चंद्रपाल, सीडीपीओ प्रवीण छाबड़ा, खंड शिक्षा अधिकारी सतीश गोयल, क्यूएमसी के विजेंद्र, नगर निगम जेई महेंद्र पाल, पब्लिक हेल्थ एसडीओ पारीख गर्ग आदि रहे।