बारिश से फसल हुई खराब, सब्जी के दाम में आया उछाल
रादौर। क्षेत्र में हुई भारी बारिश ने किसानों और उपभोक्ताओं को बेहाल कर दिया है। बारिश से सब्जी की फसल खराब होने से जहां अच्छी फसल के किसानों की उम्मीद को झटका लगा है, वहीं उपभोक्ताओं को महंगी सब्जी खरीदनी पड़ रही है। फिलहाल स्थानीय किसानों की फसल खराब होने से क्षेत्र में उत्तरप्रदेश, पंजाब, उत्तराचंल और हिमाचल से सब्जी की सप्लाई हो रही है, जो काफी महंगी है। व्यापारियों के मुताबिक, दूसरे प्रदेशों से सब्जी आने के कारण सब्जी के दाम दोगुना तक बढ़ गया है।
सब्जी मंडी रादौर के प्रधान विजय आढ़ती ने बताया कि बारिश से रादौर क्षेत्र में सब्जी की फसल बर्बाद हो गई है। इस कारण मंडी में दूसरे प्रदेशों की ही सब्जी है। इससे सब्जी के दाम बढे़ हुए हैं। इस समय मंडी में टिंडा 40 रुपये किलो बिक रहा है जो पहले 15 से 20 रुपये बिकता था। इसी प्रकार पहले करेला 10 रुपये किलो था, जो 20 रुपये किलो हो गया है। भिंडी पांच रुपये किलो से बढ़कर 15 रुपये किलो की दर से बिक रही है। टमाटर 15 रुपये प्रति किलो की जगह 40 रुपये किलो तक बिक रहा है। घीया 5 रुपये किलो से बढ़कर 10 रुपये किलो, शिमला मिर्च 15 रुपये किलो की जगह 30 रुपये किलो, खीरा 10 रुपये किलो की बजाय 20 रुपये किलो, फूलगोभी पहले के 10 रुपये किलो के मुकाबले 30 रुपये किलो बिक रहे हैं। तोरी पहले 5 रुपये किलो बिक रही थी, अब 12 रुपये किलो बिक रही है। पालक के दाम 10 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 20 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। बीस रुपये प्रति किलो की दर से बिकने वाला धनिया अब 40 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है। आढ़ती ने बताया कि जब तक स्थानीय किसानों की सब्जी बाजार मेें नहीं आती, तब तक दाम कम होने की उम्मीद कम है। किसानों के मुताबिक, सितंबर,अक्तूबर मेें क्षेत्र की सब्जी की फसल मंडी में आने की उम्मीद है।