ऐलनाबाद उपचुनाव में विवाद के बाद इनेलो के टेंट के सामने बाहर से आए लोगों के खिलाफ गांव माखोसरानी के लोगों ने आक्रोश जताया। फर्जी किसान बनकर नारेबाजी कर रहे लोगों को गांव से खदेड़ दिया गया है। बाहर से आए लोगों पर किसानों के नाम पर गांव के स्थानीय निवासियों ने भाईचारा बिगाड़ने का आरोप लगाया। अर्धसैनिक बलों व पुलिस के जवानों ने बीचबचाव कर मामले को शांत करवा दिया। इनेलो के टेंट में बैठे बाहरी लोगों को माखोसरानी के लोगों ने कहा कि बाहरी लोग वापस जाएं।
सुरक्षा में मुस्तैद पुलिसकर्मी।
सिरसा के ऐलनाबाद उपचुनाव में इस बार रिकॉर्ड टूट सकता है। पांच बजे तक ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र में 73.31% मतदान हो चुका है। अभी भी काफी तादाद में लोग वोटिंग के लिए कतार में लगे हैं। आपको बता दें कि वोटिंग के लिए एंट्री टाइम शाम छह बजे तक रखा गया है। हालांकि जितने लोग सेंटर में होंगे, उन सभी के वोट लिए जाएंगे।
हर आने-जाने वाले की कड़ी निगरानी की जा रही है।
ऐलनाबाद उपचुनाव में मखोरानी गांव में भाजपा और इनेलो के वर्करों में नारेबाजी के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। गौरतलब है कि इस मामले के बाद दूसरे अति संवेदनशील और संवेदनशील बूथों पर टकराव न हो, इसके लिए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिले की सीमाओं पर आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
जिले की सीमा पर मुस्तैद पुलिस फोर्स
दोपहर 3 बजे तक ऐलनाबाद उपचुनाव में 58.33 प्रतिशत मतदान हो चुका है। वहीं, जिले के गांव मखोरानी में मतदान के दौरान इनेलो और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी हो गई। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करके रोष जताया। मतदान केंद्र के बाहर इनेलो और भाजपा के बूथ पर कार्यकर्ताओं ने रोष जताते हुए एक-दूसरे को नकली किसान बताया।
जिले के बॉर्डर पर तैनात सुरक्षा बल।
सवा तीन बजे तक भी बड़ी संख्या में मतदाताओं की लाइनें बूथ केंद्रों के बाहर लगी नजर आईं। वहीं, पुलिस भी इस दौरान मुस्तैदी से डटी रही। जिले की सीमाओं पर भी कड़ी निगरानी पुलिस की ओर से रखी गई। हर आने-जाने वाले वाहन की तलाशी पुलिस अधिकारी लेते नजर आए।
मल्लेकां गांव में बूथ केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे इनेलो प्रत्याशी अभय चौटाला।
ऐलनाबाद उपचुनाव को लेकर लगातार अफसरों की नजर बूथ केंद्रों पर बनी हुई है। लगातार गांवों का दौरा किया जा रहा है। वहीं, मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में भीड़ नजर आ रही है। क्षेत्र में हर आने जाने वाले पर कड़ी नजर पुलिस की ओर से रखी जा रही है।
एक मतदान केंद्र में निरीक्षण के बाद बाहर आते पुलिस अधिकारी।
सिरसा के ऐलनाबाद उपचुनाव में मतदान जारी है। एक बजे तक करीब 43 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, प्रत्याशी लगातार गांवों में बूथों का निरीक्षण करने पहुंच रहे हैं। मल्लेकां गांव में पोलिंग बूथ का निरीक्षण करने इनेलो प्रत्याशी चौधरी अभय चौटाला पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी भेंट की।
मतदान केंद्र पर पुलिस अधिकारियों से बात करते आईजी राकेश आर्य।
11:30 बजे तक 28 फीसदी मतदान ऐलनाबाद में हो चुका है। उपचुनाव अभी शांतिपूर्वक चल रहा है। हिसार रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार आर्य व पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने गांव माधोसिंघाना, मलेका, पोहड़का, ऐलनाबाद कस्बा, जमाल और जोडंकिया सहित अनेक क्षेत्रों में जाकर मतदान केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया है।
मतदान केंद्र का जायजा लेने पहुंचे आईजी राकेश आर्य।
जैसे-जैसे दिन चढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे मतदाताओं की भीड़ मतदान केंद्रों के बाहर नजर आ रही है। दोपहर के समय हिसार रेंज के आईजी राकेश आर्य भी केंद्रों के निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से बात कर अलर्ट पर रहने के आदेश जारी किए।
मतदान केंद्र पर तैनात हेल्थ विभाग के स्टाफ सदस्य।
सभी प्रत्याशी हलके के अंदर चल रहे मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से वोटिंग के बारे में भी जानकारी ली। इनेलो प्रत्याशी अभय सिंह चौटाला, जजपा-भाजपा प्रत्याशी गोविंद कांडा और कांग्रेस प्रत्याशी पवन बेनीवाल के अलावा कई अन्य ने भी मतदान केंद्रों पर पहुंचकर जायजा लिया।
मतदान प्रक्रिया का जायजा लेते उपायुक्त अनीश यादव
ऐलनाबाद उपचुनाव को लेकर इस बार प्रशासन काफी सतर्क नजर आ रहा है। दूसरे जिलों से जहां 300 से अधिक सुरक्षाकर्मी मंगवाए गए हैं, वहीं, 34 कंपनियों को संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शनिवार को दिनभर डीसी अनीश यादव ने मतदान केंद्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
मतदान केंद्र के बाहर वोटर का तापमान जांचते स्टाफ सदस्य।
कोरोना के खतरे के बीच हो रही ऐलनाबाद उपचुनाव की वोटिंग में गाइडलाइन का बखूबी पालन किया जा रहा है। जो भी वोटर आ रहे हैं, पहले उनका तापमान मापने के बाद सैनिटाइज किया जा रहा है। उसके बाद वोट डालने के लिए अंदर भेजा जाता है। शारीरिक दूरी का भी ख्याल प्रशासन की ओर से रखवाया जा रहा है।
मतदान केंद्र के बाहर मुस्तैद महिला पुलिसकर्मी।
खास बात यह भी है कि इस बार कोरोना नियमों का भी खासा ध्यान रखा जा रहा है। स्टाफ के साथ वोटर भी मास्क पहने नजर आ रहे हैं। मतदान के लिए युवा वोटरों में खासा उत्साह है और पहली बार उनमें वोट डालने को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
मतदान केंद्र के बाहर वोटिंग के लिए लगी महिलाओं की कतार
साढ़े नौ बजे तक ऐलनाबाद हलके में 13.17 फीसद वोटिंग हो चुकी है। कड़े मुकाबले को देखते हुए इस बार पहले के रिकॉर्ड टूटने की संभावना जताई जा रही है। प्रत्याशी भी निरंतर वोटिंग केंद्रों का दौरा कर रहे हैं। मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें सेंटरों पर लगी हुई हैं।
एक मतदान केंद्र में मौजूद पोलिंग स्टाफ
ऐलनाबाद में लगातार वोटिंग के लिए भीड़ बढ़ती जा रही है। साढ़े नौ बजे के बाद ही पहला रुझान आएगा कि कितनी फीसद वोटिंग हो चुकी है। फिलहाल मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है।
मतदान के लिए बुजुर्ग व्यक्ति को लेकर आया परिजन।
इस बार महिलाएं भी सुबह अधिक संख्या में वोटिंग के लिए लाइनों में लगी नजर आ रही हैं। बुजुर्ग अपने परिजनों के साथ वोटिंग के लिए उमड़ रहे हैं। पुलिस की ओर से भी लगातार मतदान केंद्रों पर गश्त की जा रही है।
दड़बा में वोटिंग के बाद बाहर आए कांग्रेस प्रत्याशी पवन बेनीवाल।
इस उपचुनाव में भाजपा-जजपा के साझे प्रत्याशी गोविंद कांडा, इनेलो से अभय सिंह चौटाला और कांग्रेस से पवन बेनीवाल मुख्य तौर पर मैदान में है। चुनाव में 19 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज होगा। एक प्रत्याशी नोटा को भी माना जाता है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा और परिणाम 2 नवंबर को आएंगे। मतगणना के लिए चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी में व्यवस्था की गई है।
34 कंपनियां पैरामिलिट्री फोर्स की तैनात की गई हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर प्रशासन की विशेष निगाह है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ होने पर एसपी का दावा है कि 5 से 7 मिनट में पुलिस पहुंच जाएगी। बता दें कि इनेतो नेता अभय सिंह चौटाला की ओर से तीन कृषि कानूनों के विरोध में इस्तीफा देने के बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव हो रहा है। हलके में लगभग एक लाख 86 हजार मतदाता हैं।
उपचुनाव में मतदान के लिए लगी कतार।