हरियाणा के कस्बा झोझू कलां में तीन हफ्तों से रसोई गैस की किल्लत बनी हुई है। गैस न मिलने से परेशान लोगों ने मंगलवार को गैस एजेंसी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में गैस आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो 15 अक्तूबर को सड़क पर जाम लगाया जाएगा।
रसोई गैस उपभोक्ता सुशील कुमार, अजय, सतीश, दिनेश, रामौतार, ईश्वर सिंंह, राजसिंह, नरेश, संदीप, सुरेंद्र ने बताया कि वे सभी झोझू और आसपास के गांवों से कई दिनों से गैस लेने के लिए रोजाना झोझू बस स्टैंड पहुंच रहे हैं।
इन क्षेत्रों में बाढ़डा स्थित एक गैस एजेंसी से सिलेंडरों की सप्लाई की जाती है। तीन सप्ताह से सप्लाई न के बराबर की जा रही है। उपभोक्ताओं ने बताया कि वे रोजाना सुबह नौ बजे लाइन में खडे़ होते हैं लेकिन एजेंसी ने सप्लाई के लिए गाड़ी नहीं भेज रही है।
इसलिए उन्हें तंग आकर गैस एजेंसी से संपर्क किया तो उन्होंने बाढ़डा आकर गैस सिलेंडर ले जाने की बात कही। इस पर उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। उपभोक्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह में क्षेत्र में गैस की सप्लाई सुचारु नहीं की जाती है तो वे चरखी दादरी-नारनौल मार्ग को जाम कर देंगे।