पूर्व मंत्री बलबीर सैनी, बिजेंद्र सिंह, पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल, रविंद्र कुमार सोमवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। इन्होंने नई दिल्ली में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पंजाब में आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद हरियाणा की सियासत में हलचल मच गई है। आप में पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक अपना भविष्य देखने लगे हैं। इसी के मद्देनजर सोमवार को दो पूर्व मंत्रियों और दो पूर्व विधायकों ने आप का दामन थामा।
विज्ञापन
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य सुशील गुप्ता, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, राज्यसभा सदस्य एनडी गुप्ता और पंकज गुप्ता ने नई दिल्ली पार्टी मुख्यालय में भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और गुरुग्राम के पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल, पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सैनी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बिजेंद्र सिंह, समालखां के पूर्व विधायक रविंद्र कुमार, सोहना से बीएसपी प्रत्याशी जावेद अहमद, कांग्रेस किसान सेल के पंजाब प्रभारी जगत सिंह, अमनदीप सिंह, ब्रह्म सिंह गुर्जर, परमिंदर सिंह गोल्डी, करन सिंह तंवर, खैमी ठाकुर, सरदार आजाद सिंह, गुरलाल सिंह को टोपी और पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया। इसके साथ ही पार्टी की सदस्यता दिलाई।
सत्येंद्र जैन व सुशील गुप्ता ने कहा कि पंजाब की जीत से हरियाणा में आम आदमी पार्टी की धमक बढ़ी है। हरियाणा में लोग कह रहे हैं कि यहां भी जल्द चुनाव हो जाएं तो आम आदमी पार्टी की सरकार बन जाएगी। पंजाब चुनाव के बाद पूरे देश के अंदर लोग परिवर्तन महसूस कर रहे हैं। दिल्ली और पंजाब के बीच मौजूद हरियाणा भी चाहता है कि यहां पर भी परिवर्तन हो। शिक्षा, स्वास्थ्य, अच्छी सड़कों, हर घर में बिजली, सस्ता पानी इत्यादि कामों से लोगों की आप में रुचि बढ़ी है।