ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की बुधवार की सुबह मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।
मेफील्ड गार्डन व बख्तावर चौक के बीच में तेज रफ्तार से जा रहे दो वाहनों में आपस में बुधवार की सुबह टक्कर हो गई। इसके बाद ट्रक चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सदर थाना पुलिस ने मरने वालों की पहचान बुलंदशहर (यूपी) निवासी जमसेद (22) पुत्र नजरु और देवेंद्र (24) पुत्र राम सिंह के रूप में की है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। ईस्लामपुर गांव में ही रह कर निजी कंपनी में काम करते थे।
दूसरी ओर, दिल्ली के पालम में रहने वाला वेस्ट बंगाल निवासी इरसाद (20) पुत्र मजीबुर रहमान सुबह टहल रहा था। इस दौरान गुड़गांव-दिल्ली बॉर्डर पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया।
एक राहगीर ने उसे गुड़गांव के सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी तरह 35 वर्षीय एक व्यक्ति डीएलएफ फेज एक थाना क्षेत्र में डीएलएफ फेज पांच के नजदीक शिव नादर स्कूल के सामने वाहन की चपेट में आ गया। इस दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है।