सिवानी-राजगढ़ रोड पर वीरवार देर रात गांव बुद्धशैली के पास तमंचा दिखाकर बदमाश चावल से लदे एक ट्राले को लूट कर फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने हवाई फायर भी किया और गाड़ी में सवार दोनों चालकों से उनकी नकदी-मोबाइल छीन लिया।
आरोपियों ने दोनों की आंख पर पट्टी और हाथ-पांव बांध कर उनके साथ मारपीट की और पास के ही एक गांव तलवानी में फेंक कर फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों चालक झुंपा पुलिस चौकी पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मारपीट व डकैती का मामला दर्ज किया है। ट्राले में चावल के 560 बैग थे जिनका वजन करीब 28 टन है।
जानकारी के अनुुसार हिसार के मिर्चपुर का संदीप शर्मा अपने ही गांव के साथी चालक आजाद शर्मा के साथ अपने ट्राले में 6 नवंबर की शाम निसिंग की हरियाणा राइस मिल से चावल लोड कर गुजरात के कांडला शहर के लिए रवाना हुआ था। अगले दिन वे ट्राले में खराबी आने के कारण जींद में रहे और शाम को अपने गांव मिर्चपुर होते हुए कांडला के लिए रवाना हो गए।
देर रात करीब एक बजे सिवानी से निकलने के बाद बुद्धशैली गांव के पास पुलिस बेरिकेड के पास उन्होंने ट्राले की गति धीमी की तो वहां खड़ी एक बिना नंबर की सफेद टवेरा गाड़ी को बदमाशों ने आगे कर उनके ट्राले को रुकवा लिया। इस दौरान उसमें सवार 7-8 बदमाश नीचे उतरे और ट्राले को घेर कर उन्हें नीचे उतार लिया। ट्राले को सड़क किनारे लगाने के बाद एक बदमाश ने हवाई फायर किया।
उनकी आंख पर पट्टी बांधने के बाद उनके हाथ पैर भी बांध दिए। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें अपनी गाड़ी में डाल लिया और उनकी जेब से 7 हजार की नकदी व मोबाइल फोन छीनने के बाद उनके साथ मारपीट की। थोड़ी ही दूर बाद बदमाश उन्हें गांव तलवानी के पास छोड़ कर फरार हो गए।
किसी तरह दोनों ने अपने हाथ पैर की रस्सी खोली और ग्रामीणों की मदद से घटना की सूचना चौकी इंचार्ज को दी। थाना प्रभारी रमेश ऐलावादी घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन व पूछताछ के बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
इसी बीच सीआई स्टाफ भिवानी और साइबर पुलिस सैल की टीम भी मौके पर पहुंच गई और वारदात स्थल का बारीकी से मुआयना किया। टीम ने स्थल पर पैरों के निशानों के नमूने भी लिए। थाना प्रभारी रमेश ऐलावादी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इसके लिए साइबर क्राइम की भी मदद ली जा रही है।
राजस्थान पुलिस का बेरिकेड लगाया था
लुटेरों ने राजगढ़ पुलिस की चौकी गोठ्या से चुराए बैरिकेड को लगा कर लूट को अंजाम दिया। चौकी इंचार्ज मोहनलाल के अनुसार पुलिस ने बेरिकेड को अपने कब्जे में लेकर राजस्थान पुलिस को सूचना दे दी है। राजगढ़ पुलिस के रात के समय गोठ्या चौकी पर तैनात सिपाही धर्मवीर को पूछताछ के लिए तलब किया गया है।