प्रदेश में रोजाना तीन हत्याएं, 11 अपहरण, चार छेड़छाड़ और चार दुष्कर्म के मामले दर्ज किए गए हैं। ये जानकारी विधानसभा में इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला के सवाल पर सरकार की ओर से दी गई। 2025 में एक जनवरी से 31 जुलाई तक अपराध की अलग-अलग श्रेणी का आंकड़ा सरकार ने पेश किया।
साइबर धोखाधड़ी के मामलों में 50% की कमी
गृह विभाग ने साइबर अपराध के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाए हैं। इससे पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष धोखाधड़ी की राशि में 50 फीसदी की कमी आई है। रोजाना पांच से बढ़कर 22 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी भी हुई है। अवैध खनन, नहर के पानी की चोरी, बिजली चोरी, अवैध शराब की बिक्री आदि गैर कानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए 2023 में हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो का गठन किया गया है।
महिलाओं को दिया जा रहा आत्मरक्षा का प्रशिक्षण
राज्य पुलिस ने सभी जिलों में 33 महिला पुलिस थाने और 239 महिला सहायता डेस्क भी खोले हैं। महिलाओं के लिए एक अलग नंबर-1091 को डायल 112 के साथ जोड़ा गया है। दुर्गा शक्ति रैपिड एक्शन फोर्स की 24 कंपनियां तैनात की गई हैं। यौन उत्पीड़न उपचार इकाइयां बनाई गई हैं। साथ में महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
4238 गांव और 913 वार्ड नशा मुक्त घोषित
राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम, पता लगाने और नियंत्रण के लिए 2020 में हरियाणा राज्य मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो की स्थापना की गई। राज्य पुलिस ने नशा मुक्त अभियान शुरू किया है जिसके तहत राज्य के 4238 गांवों और 913 वार्डों को नशा मुक्त घोषित किया गया है। राज्य में 18847 नशा पीड़ितों की पहचान की गई और 11558 नशा पीड़ित नशा मुक्ति केंद्र में परामर्श व उपचार ले रहे हैं।