जैसलमेर नेशनल हाईवे-11 पर धामलावास आईटीआई के पास रात करीब डेढ़ बजे स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतकों की पहचान गांव बोडिया कमालपुर निवासी 40 वर्षीय ब्रजमोहन, उनकी 38 वर्षीय पत्नी अनीता और उनके 13 वर्षीय बेटे निमेष के रूप में हुई है। ब्रजमोहन एक निजी कंपनी में कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी सरकारी अध्यापिका थीं। उनका इकलौता बेटा निमेष था। बताया जा रहा है कि परिवार बेटे निमेष का एडमिशन कराने के लिए गुरुग्राम से सीकर गया हुआ था और देर रात वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह पिचक गई। वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रक में समा गया, जिससे अंदर बैठे लोगों के बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिल पाया। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी।