कैथ्ाल के गुहला-चीका में चोरों ने बैंकों एवं उसके आसपास के क्षेत्र को टारगेट बनाया हुआ है। यही कारण है कि जिले में बैंकों में चोरी की वारदातों में लगातार इजाफा हो रहा है।
बुधवार को चीका में राइस मिल मालिक से स्टेट बैंक ऑफ पटियाला से पांच लाख रुपये से भरा बैग एक युवक लेकर फरार हो गया। लूट की सूचना मिलते ही व्यापारियों में दहशत फैल गई। लूट की घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद तो हो गई लेकिन कैमराें की धुंधली फुटेज से पुलिस की समस्याएं बढ़ सकती है।
पुलिस अधिकारी सतपाल ने बताया कि राइस मिल मालिक मांगे राम पांच लाख रुपये बैंक में जमा करवाने आया था। मांगे राम जैसे ही बैंक में पहुंचा और रुपये से भरा बैग सोफे पर रखा तो इतने में ही एक लाल रंग की कमीज पहने युवक सोफे पर बैठ गया और पलक झपकते ही उस बैग को लेकर फरार हो गया।
एकदम से बैंक से निकलते ही युवक ने भागना शुरू कर दिया। बैग लेकर भाग रहे युवक के पीछा तो लोगों ने किया लेकिन वह इतना शातिर था कि उनकी आंखों में धूल झोंक कर फरार हो गया। राइस मिल मालिक मांगे राम की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
काम नहीं आया सीसीटीवी कैमरा
दूसरी ओर यह भी बताया जा रहा है सीसीटीवी कैमरे में फुटेज धुंधली है। जिस कारण पुलिस जांच में परेशानियां आ सकती हैं। थाना प्रभारी कश्मीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने बैंक में पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।
वारदात का शिकार बने राइस मिल मालिक मांगे राम की शिकायत पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि कैमरे की रिकॉर्डिंग में चेहरा साफ नजर नहीं आ रहा है। लेकिन कपड़े साफ दिखाई दे रहे हैं।
इसी माह में हो चुकी हैं कई वारदात
जिले में बैंकों में चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। पिछले सप्ताह ही चीका में ही एक बैंक के बाहर से किसान से 18 हजार रुपये की राशि लेकर चोर फरार हो गया था। वहीं कैथल में भी बैंक से पैसे निकलवाए जाने के बाद सरपंच से भी 50 हजार रुपये की राशि चुरा ली गई थी।
इतना ही नहीं एसबीआई कैथल से भी 5 सितंबर को दिनदिहाड़े एक व्यक्ति 5 लाख रुपये चोरी करके ले गया था। चीका में ही दो माह पहले ही बैंक के बाहर से मैंगड़ा वासी एक बुजुर्ग से एक लाख रुपये छीनने की घटना भी सामने आई थी, जिसके आरोपी भी अभी तक पुलिस गिरफ्त में नहीं आ सके।