भिवानी के क्षेत्र के गांव दरियापुर के पास ओवर लोडिड डंपर ने बाइक सवार 24 वर्षीय गांव चनाना निवासी युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी चालक डंपर को सड़क पर छोड़ कर फरार हो गया। घटना का पता चलते ही गुस्साए ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को शव देने से मना कर दिया और हिसार-ईशरवाल रोड को जाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने इस रोड को करीब 6 घंटे तक जाम रखा।
ग्रामीणों की मांग थी कि मृतक के किसी एक आश्रित को सरकारी नौकरी, परिवार को आर्थिक सहायता, दोषी डंपर चालक पर कार्रवाई करने और डंपरों के इस सड़क पर प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए। बाद में तोशाम के एसडीएम अजय चोपड़ा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को उनकी मांग सरकार तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
पेट्रोलियम कंपनी में बतौर इंजीनियर का काम करने वाले चनाना गांव के युवक ओमवीर सुबह तोशाम से चनाना लौट रहा था कि पीछे से आ रहे एक ओवर लोडिड डंपर ने उसे कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों को इसका पता चला तो वे मौके पर जमा हो गए और शव को मांगे पूरी नहीं होने तक पुलिस के हवाले करने से मना कर दिया इस दौरान गुस्साएं ग्रामीणों ने हिसार ईशरवाल मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। घटनास्थल पर आसपास के गांव के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंचे सिवानी के डीएसपी व तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। ग्रामीणों ने हादसे के लिए पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अगर प्रशासन चाहता तो यह हादसा नहीं होता।
ग्रामीणों के रोष को देखते हुए तोशाम के एसडीएम अजय चोपड़ा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से जाम खोलने का अनुरोध किया। एसडीएम ने ग्रामीणों को उनकी मांग सरकार तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम को खोल दिया साथ ही चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।