अप्रैल आधा भी नहीं बीता कि भीषण गर्मी का मार्च पास्ट शुरू हो गया है। कड़ी धूप के बीच लू भी बेहद परेशान करने लगी है। शनिवार को प्रदेशभर में अधिकतम तापमान कुछ जगहों को छोड़कर 43 डिग्री सेल्सियस के पार ही रहा। हिसार और फरीदाबाद में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी उपर दर्ज किया गया है।
इसके अलावा पश्चिमी जिलों हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, भिवानी, चरखी दादरी और दक्षिणी व पूर्वी जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत में 10 अप्रैल तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद इन जिलों में 13 अप्रैल तक गर्मी का येलो अलर्ट रहेगा।
सोनीपत में अप्रैल माह में टूटा 10 साल का रिकॉर्ड, लू चलने से सड़कों पर पसरा सन्नाटा
सोनीपत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अप्रैल के दूसरे सप्ताह में न्यूनतम तापमान 25 और अधिकतम 44 पर पहुंच चुका है। यह अभी तक 10 साल में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 2019 में तापमान 23 और 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। घटते वन क्षेत्र और जलस्रोत के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। यह ग्लोबल वार्मिंग का ही रूप है। हरियाली और जलक्षेत्र कम होने से गर्म हवाएं तेजी से ऊपर उठती हैं। उसके स्थान की पूर्ति के लिए राजस्थान की ओर से हवाएं आती हैं। वह हवा रेतीले क्षेत्र के कारण पहले से ही बहुत गर्म हैं। इससे लोगों को लू का सामना करना पड़ रहा है।
खलिहानों को बिजली के तारों से दूर रखने की अपील
गर्मी के प्रकोप के बीच फसलों में विभिन्न कारणों से लग रही आग के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में लग रहे बिजली कट भी लोगों पर पर दोहरी मार डाल रहे हैं। चरखी दादरी में भी शनिवार को बिजली निगम ने फसल कटाई के चलते बिजली आपूर्ति सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक बाधित रखने की घोषणा की है। निगम के एसडीओ नरेंद्र कुमार ने किसानों से गेहूं व सरसों के खलिहानों को बिजली के ट्रांसफार्मर व तारों से दूर रखने की अपील की है।
प्रदेश में विभिन्न स्थानों का तापमान
47.9 रहा है अप्रैल का आज तक का रिकॉर्ड तापमान
हिसार जिले में पिछले 12 वर्षों में दूसरी बार हुआ है जब अप्रैल माह में ही अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार कर गया हो। 2017 में भी हिसार का अधिकतम तापमान 21 अप्रैल को 45 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। वहीं, जिले में अब तक के ओवरऑल रिकार्ड की बात करें तो 27 अप्रैल 1958 को हिसार का तापमान 47.9 डिग्री तक पहुंच गया था।
हिसार में अप्रैल माह का पिछले 12 वर्षों का तापमान