संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। खांडा गांव में युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। बेसुध हालत में उसे उनके साथी सुबह के समय खरखौदा के सरकारी अस्पताल में लेकर पहुंचे थे। चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव नाहरी निवासी प्रयत्न बुधवार को घर से भटगांव स्थित अपने साथी के पास जाने की बात कहकर निकले थे। परिजनों ने बताया कि वह बुधवार को अपने भाई की दुकान पर काम करने वाले लड़के को बाइक से खरखौदा लेकर आया था। इसके बाद उसे वापस भेज दिया और खुद भटगांव स्थित अपने साथी के पास जाने की बात कहकर चला गया।
सुबह प्रयत्न के खांडा निवासी साथी ने उन्हें गंभीर हालत में खरखौदा के सरकारी अस्पताल में लाया। जहां पर परिजन को जानकारी दी गई कि देर रात प्रयत्न खांडा पहुंचे थे। तीन दोस्तों ने पकोड़े व शीतल पेय पिया और सो गए।
सुबह प्रयत्न जब नहीं उठे तो दोस्तों ने उन्हें संभाला पर वह बेसुध थे। उनके नाखून भी नीले पड़ने बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर वह अस्पताल पहुंचे। अतिरिक्त थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने कहा कि युवक के परिजन की तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।