फोटो :01: सोनीपत के बहालगढ़ में स्थित साई केंद्र। संवाद
राई (सोनीपत)। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के उत्तरी भारतीय केंद्र में सेंटर ऑफ एक्सीलेंसी में चयन के लिए पहलवानों के ट्रायल अब 6 व 7 मार्च को लिए जाएंगे। पहले ट्रायल की तिथि 20-21 फरवरी रखी गई थी। अब इसमें प्रशासनिक कारणों से बदलाव किया गया है। इसके लिए अंडर-15, अंडर-17, अंडर-20 और अंडर-23 आयु वर्ग में चयन के लिए ट्रायल होंगे। चयनित पहलवान साई केंद्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के साथ अभ्यास करेंगे।
साई में सेंटर ऑफ एक्सीलेंसी में ट्रायल देकर पहलवान अपना चयन करा सकते हैं। सेंटर ऑफ एक्सीलेंसी यानी उत्कृष्टता केंद्र में चयनित होने वाले पहलवान को यहां जहां वातानुकूलित हॉस्टल की सुविधा मिलेगी। साथ ही संतुलित आहार, अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण, खेल किट सालाना और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयन पर वहां आने-जाने के खर्च की सुविधा दी जाएगी।
मुख्य प्रशिक्षक बलवंत सिंह ने बताया कि फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन वर्ग में चयन के लिए पहलवान का भार 50 किलो व उससे अधिक होना चाहिए। प्रतियोगिता में चयन के लिए राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के पदक विजेता, सीनियर नेशनल, जूनियर नेशनल और सब जूनियर नेशनल में पहले पांच स्थान पर रहे पहलवान भाग ले सकेंगे। इसके साथ ही नेशनल रैंकिंग प्रतियोगिता में पहले पांच स्थान पर रहे पहलवान, खेलो इंडिया यूथ गेम्स और विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिता के पदक विजेता भी चयन को ट्रायल में भाग ले सकेंगे।
इंसेट
यह कागजात लाने होंगे
मुख्य प्रशिक्षक बलवंत सिंह ने बताया कि ट्रायल के पहलवान को जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, खेल उपलब्धि के प्रमाणपत्र, शैक्षिक प्रमाणपत्र और दो फोटो आने होंगे। चयन के लिए पहलवान को 6 मार्च को सुबह आठ बजे पहुंचना होगा।
फोटो :01: सोनीपत के बहालगढ़ में स्थित साई केंद्र। संवाद