फोटो - महम रोड पर दूसरे सोर्स की लाइन को भूमिगत करने के लिए जेसीबी से खोदाई करते हुए। संवाद
गोहाना। शहर में बार-बार होने वाली बिजली कटौती और ब्लैकआउट की समस्या से राहत दिलाने के लिए बिजली निगम ने 132 केवी पावर हाउस को दूसरे बिजली स्रोत (सेकेंड फीड) से जोड़ने का काम शुरू कर दिया है। वन विभाग से एनओसी मिलने के बाद मंगलवार को महम रोड पर भूमिगत लाइन बिछाने के लिए खोदाई शुरू की गई। परियोजना पूरी होने के बाद करीब 24 हजार बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
बिजली निगम के अनुसार शहर के 132 केवी पावर हाउस को भंडेरी स्थित 132 केवी पावर हाउस से जोड़ा जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में प्रस्तावित 33 टावरों में से 31 टावर स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं शहरी क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए लाइन को भूमिगत बिछाया जा रहा है। महम रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास से शुरू हुई खोदाई के जरिए लाइन को पावर हाउस तक पहुंचाया जाएगा।
धान कटाई के बाद बिछेगी ओवरहेड लाइन
ग्रामीण क्षेत्र में टावर तैयार होने के बावजूद खेतों में धान की फसल और जलभराव के कारण फिलहाल लाइन बिछाने का काम शुरू नहीं हो सकेगा। निगम अधिकारियों के अनुसार धान की कटाई के बाद टावरों पर ओवरहेड लाइन डालने का कार्य किया जाएगा।
दूसरे स्रोत से कम होगी बिजली कटौती
वर्तमान में शहर के 132 केवी पावर हाउस को बिजली आपूर्ति एक ही स्रोत से मिल रही है। लाइन में खराबी या मरम्मत की स्थिति में पूरे शहर की बिजली प्रभावित होती है। सेकेंड फीड शुरू होने के बाद एक स्रोत में बाधा आने पर दूसरे स्रोत से आपूर्ति जारी रखी जा सकेगी।
वर्जन
महम रोड के साथ दूसरे स्रोत की भूमिगत लाइन बिछाने का काम शुरू हो चुका है। इसे जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना पूरी होने से शहर की बिजली व्यवस्था अधिक विश्वसनीय और मजबूत होगी।
राजसिंह सिंहमार, एक्सईएन बिजली निगम