फोटो: 12: सोनीपत के खरखौदा स्थित एसडीएम कार्यालय में पहुंचकर दूषित पानी भरी बोतल दिखाती महि
खरखौदा। वार्ड नंबर एक की महिलाओं ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर घरों में सप्लाई हो रहे दूषित पानी से निजात की मांग की। बोतल में पानी लेकर पहुंची महिलाओं ने बताया कि इसमें पंख तैर रहे हैं। पानी में मांस के टुकड़े आए थे। एसडीएम ने जन स्वास्थ्य विभाग की एसडीओ को बुलाकर स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
खरखौदा में पेयजल की सप्लाई जनस्वास्थ्य विभाग करता है। भूजल खारा होने के चलते शहरवासी जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से सप्लाई किए जा रहे पानी को पीते हैं। शहर में स्वच्छ पेयजल को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इसका अब ताजा मामला वार्ड एक का है।
बुधवार को सरोज, सुनीता, बिमला, चंद्रपति, रानी व संतरा एसडीएम कार्यालय पहुंची और एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर को पानी से भरी बोतल दिखाते हुए बताया कि उनके घरों में यह दूषित पानी सप्लाई हो रहा है। दूषित पानी पीने से लोग बीमार हो रहे हैं।
महिलाओं का कहना है कि पेयजल लाइन में कहीं पर बड़ी लीकेज है जिसका खामियाजा वह कई वर्ष से भुगत रहे हैं। शिकायत करने पर कुछ दिन के लिए पानी ठीक आता है इसके बाद फिर से वहीं स्थिति बन जाती है।