-घरों में मिट्टी के चूल्हे पर बना गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद, छठी मइया के गीतों से गूंजा माहौल-आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती करेंगे परिवार की सुख-समृद्धि की कामना
फोटो :: 38 व 39
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। लोक आस्था के महापर्व छठ पर शनिवार को खरना के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो गया। दिनभर व्रत रखने के बाद शाम को श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ खरना का प्रसाद तैयार किया। घरों में मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर और रोटी बनाई गई। इसके बाद छठी मइया की पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया गया। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों ने निर्जला उपवास शुरू कर दिया। अब व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही व्रत का पारण करेंगे।
खरना को लेकर सुबह से ही घरों में तैयारियां शुरू हो गई थीं। व्रतियों ने स्नान के बाद पूजा की तैयारियां कीं और प्रसाद बनाने के लिए विशेष साफ-सफाई का ध्यान रखा। शाम को पारंपरिक तरीके से गुड़ की खीर और रोटी तैयार की गई। पूजा के बाद सबसे पहले छठी मइया को भोग लगाया गया। इसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार के अन्य सदस्यों में भी प्रसाद वितरित किया।
खरना के प्रसाद में दिखी शुद्धता और परंपरा की झलक
खरना के प्रसाद का छठ महापर्व में विशेष महत्व है। इस दिन व्रतियों ने पूरे दिन उपवास रखा और शाम को पूजा के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद तैयार करने में शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। कई घरों में पारंपरिक मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से प्रसाद तैयार किया गया। पूजा के दौरान परिवार के सदस्यों ने भी श्रद्धापूर्वक भाग लिया।
छठी मइया के गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल
खरना के अवसर पर घरों में छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। महिलाओं ने सामूहिक रूप से छठ के लोकगीत गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। गीतों के माध्यम से छठी मइया और सूर्यदेव की महिमा का गुणगान किया गया। घरों में पूजा की तैयारियों के साथ उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। परिवार के सदस्य भी व्रतियों की सेवा और पूजा की व्यवस्था में जुटे रहे।
आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके लिए श्रद्धालु पूजा सामग्री, फल, ठेकुआ और पारंपरिक पकवानों से सजे सूप और दउरा के साथ छठ घाटों पर पहुंचेंगे। जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान व्रती परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना करेंगे।
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद होगा व्रत का पारण
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रती पूजा-अर्चना कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण करेंगे। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और प्रात:कालीन अर्घ्य की परंपरा निभाई जाती है। छठ का यह पर्व लोक आस्था, शुद्धता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक माना जाता है।