खरखौदा। गांव थाना कलां में आर्ष गुरुकुल बरोणा की तरफ से विश्व कल्याण के लिए हवन का आयोजन किया गया। जिसमें गुरुकुल के आचार्य प्रदीप ने समाज हित की सोच को पैदा करने के लिए सभी से आह्वान किया। हवन गांव की चौपाल में आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आचार्य प्रदीप ने बताया कि आज के दौर में पाखंड लगातार हावी होता जा रहा है। इससे हमारे समाज में प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पाखंड से दूर होने की जरूरत है। अगर ऐसा नहीं होगा तो हमारे समाज में बिखराव की स्थिति बनते देर नहीं लगेगी। उन्होंने बताया कि विश्व शांति बनाए रखने के लिए हमें एकजुट होने की भी जरूरत है। ऐसे में इस प्रकार की किसी भी गतिविधियों को रोकने के लिए समाज को आगे आना चाहिए। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहते हुए अपने जीवन में सही गुणों को धारण करने के लिए प्रेरित किया। सही गुणों के बूते समाज की उन्नति संभव हो सकती है। इस दौरान आर्य मनीष, दीपक, संदीप, नरेंद्र, युद्धवीर व नान्हा पहलवान मौजूद रहे।