सोनीपत। जिले के निजी विद्यालय विद्यार्थियों की ऑटोमेटिड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री (अपार) आईडी बनाने में रुचि नहीं दिखा रहे। यही कारण है कि निर्देशों के दो माह बाद भी जिले के 566 निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है।
जिस पर विद्यालय शिक्षा निदेशालय के निदेशक ने नाराजगी जाहिर की है। ऐसे में जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने सभी विद्यालयों के प्रमुखों को तीन दिन में अपार आईडी का कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
शिक्षा विभाग ने देश भर में एक देश-एक छात्र योजना काे लागू करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों की आधार के तर्ज पर अपार आईडी बनाने के निर्देश दिए थे। इससे विद्यार्थियों को देश के किसी भी कोने में स्थित स्कूल में दाखिला लेने में कोई परेशानी नहीं होगी। विशेष बात यह है कि अपार आईडी को डीजी लॉकर से भी जोड़ा जाना है, जिसमें विद्यार्थी अपने समस्त प्रमाण-पत्र व अन्य शैक्षणिक उपलब्धियां सुरक्षित रख सकते हैं। नवंबर-2024 में हुई बैठक में विद्यार्थियों की अपार आईडी अनिवार्य करते हुए जल्द जनरेट करने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए शिक्षकों को अपार आईडी बनाने के संबंध में विस्तृत जानकारी भी दी गई थी।
हैरानी की बात है इसके बाद भी जिले के अधिकतर स्कूलों में अपार आईडी बनाने की प्रक्रिया बेहद धीमी चल रही है। जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने बताया कि स्कूलों के प्रमुखों को तीन दिन में अपार आईडी बनाने के निर्देश दिए हैं।