नागरिक अस्पताल के मेडिकल वार्ड की टपकटी छत। संवाद
- फोटो : Sonipat
नागरिक अस्पताल में टंकी लीक होने के कारण मेडिकल वार्ड की छत से पानी टपकने लगा है। वहीं ओपीडी के टीकाकरण केंद्र में शौचालय का पानी भरने से मरीजों व स्टाफ कर्मियों को परेशानी हो रही है। टीकाकरण केंद्र के पास से गुजर रही सीवरलाइन लीक होने के कारण यह समस्या बनी है। इस समस्या को लेकर उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गिन्नी लांबा ने स्टाफ कर्मियों को लेकर लाइन की जांच कराई। जांच के बाद उन्होंने उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप लठवाल व स्टोर रूम के शौचालयों पर ताला लटकवाया।
नागरिक अस्पताल की पहली मंजिल से दूषित पानी भूतल पर बैठने वाले डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों और मरीजों के लिए आफत बन रहा है। निकासी के लिए बिछाए गए अंडरग्राउंड पाइप जगह-जगह से बंद होकर लीक हो रहे हैं। साथ ही उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप लठवाल व स्टोर रूम के शौचालयों का दूषित पानी भूतल पर बने नवजात शिशुओं के टीकाकरण केंद्र में भर जाता है। यहां आने वाली महिलाओं के पानी में फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। स्टाफ नर्सों को महिलाओं को बच्चों के टीकाकरण से पहले बार-बार नीचे देखकर चलने और पानी में संभलने की चेतावनी देनी पड़ती है। इस समस्या के समाधान के लिए वीरवार सुबह उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गिन्नी लांबा ने ऊपरी मंजिलों पर लाइन की जांच कराई। इसके बाद उन्होंने उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप लठवाल व स्टोर रूम के शौचालयों पर ताला लटकवा दिया।
मेडिकल वार्ड में छत से टपक रहा पानी
ओपीडी परिसर की दूसरी मंजिल पर बने मेडिकल वार्ड में छत से 24 घंटे पानी टपकता रहता है। वार्ड की छत पर पानी की टंकियां रखी हैं, इन्हीं टंकी में रिसाव होने के कारण छत से पानी टपकता है। वार्ड में भर्ती मरीज, चिकित्सक व स्टाफ कर्मियों को गैलरी से गुजरने में परेशानी हुई। इसके अलावा ओपीडी परिसर में बालरोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ के कमरों के सामने पिलर, कमरा नंबर 14 के सामने और आपातकालीन कक्ष में छत से दूषित पानी टपकता है।
अस्पताल की दीवारों में पाइप पुराने हो चुके हैं। जिससे पाइप लीक होने से ग्राउंड फ्लोर पर दूषित पानी भरने लगता है। वहीं मेडिकल वार्ड में छत से पानी टपकने की समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखा है। इस के फंड भी दिया जा चुका है, जल्द ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। -डॉ. गिन्नी लांबा, उप चिकित्सा अधीक्षक नागरिक अस्पताल