सोनीपत। मुरथल अड्डा चौक पर नाला ओवरफ्लो होने के कारण पानी एक सप्ताह से सड़क पर बह रहा है। सड़क से गुजर रहे वाहन चालक व पैदल राहगीर परेशान हैं। नगर निगम के अधिकारी जिम्मेदारी को एक-दूसरे पर टाल रहे हैं। अधिकारियों की ओर से पानी की निकासी नहीं कराई जा रही। अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। मुरथल अड्डा चौक शहर का सबसे व्यस्त चौक है। चौक के पास नाला ओवरफ्लो होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। चौक पर ही पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय है, जिसमें रोजाना सैकड़ों छात्राएं पढ़ने आती हैं। उन्हें दूषित पानी से निकलकर स्कूल में जाना पड़ता है। निगम पार्षद की ओर से निगम अधिकारियों को नाले की सफाई कराने के लिए कई बार कहा जा चुका है, लेकिन प्रशासन ने बेहतर कदम नहीं उठाए हैं। अधिकारियों की लापरवाही की वजह से नाला ओवरफ्लो है और एक सप्ताह से पानी सड़क पर बह रहा है। वार्ड नंबर 2 से निगम पार्षद सुरेंद्र नैय्यर ने बताया कि मुरथल अड्डा चौक पर पानी निकासी के लिए कई बार अधिकारियों को कहा जा चुका है, लेकिन नाले की बेहतर सफाई नहीं की जा रही है। अधिकारियों की लापरवाही की वजह से हर वर्ग परेशान है। निगम प्रशासन से बड़ी सुपर सकर मशीन मांगी गई थी, लेकिन प्रशासन ने मुरथल अड्डा चौक पर तीन दिन से लगातार छोटी गाड़ी भेजी जा रही है। इसकी वजह से निकासी बहाल नहीं हो पा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द निकासी बहाल नहीं की तो वह उच्चाधिकारियों को शिकायत करेंगे।
सफाई शाखा का कार्य खुले नालों की सफाई करना है। मुरथल अड्डा चौक पर अड़चन पुलिया के नीचे बनी हुई है। इनको खोलने का जिम्मेदारी इंजीनियरिंग शाखा की है। इसको लेकर अधिकारियों को अवगत करा दिया है।
- जोगेंद्र कुमार, सफाई निरीक्षक, नगर निगम
सफाई शाखा के सहयोग से ही नाले की सफाई संभव है। हम सुपर शकर मशीन देने को तैयार है, लेकिन सफाई शाखा के निरीक्षक आगे नहीं आ रहे। इसकी वजह से मुरथल अड्डा चौक पर पानी की निकासी ठप पड़ी है।
- देवेंद्र खासा, सहायक अभियंता, नगर निगम