पैरा ओलंपिक में विश्व रिकॉर्ड के साथ भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले गांव खेवड़ा के लाडले सुमित आंतिल का सोनीपत पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। सुमित शनिवार को दिल्ली से सोनीपत के सेक्टर-4 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के बाहर पहुंचे, जहां उनके स्वागत में भीड़ उमड़ पड़ी। सैकड़ों ग्रामीणों ने नोटों व फूलमालाओं से लाडले का स्वागत किया। सुमित के स्वागत में उमड़ी भारी भीड़ के कारण हाईवे पर जाम की स्थिति बनने के चलते उनके स्वागत जुलूस को सेक्टर-4 से गांव खेवड़ा तक ले जाया गया। स्वागत जुलूस के दौरान 25 स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई।
सुमित कार की खुली छत से लोगों का अभिनंदन करते रहे। स्वागत जुलूस के दौरान हर तरफ सुमित आंतिल जिंदाबाद, भारत माता की जय के नारे लग रहे थे। टोक्यो में चल रहे पैरा ओलंपिक में स्वर्णिम उपलब्धि हासिल कर लौटे लाडले के स्वागत के लिए पूरा गांव पहले से ही तैयारियों में जुटा हुआ था। सुमित आंतिल को बाइकों व कारों के काफिले के साथ जोरदार स्वागत करते हुए गांव लाया गया। सुमित की एक झलक पाने को सभी बेकरार नजर आ रहे थे।
ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर मनाया जश्न
शनिवार को ग्रामीण व युवा ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नाचे। युवाओं ने कहा कि सुमित भाई ने गांव की तकदीर बदलकर रख दी है। गांव का युवा अब खेलों की तरफ अग्रसर होगा।
ऐसे स्वागत की नहीं थी उम्मीद : सुमित
सुमित के सोनीपत पहुंचने पर किए जाने वाले स्वागत की पहले से ही सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। बहालगढ़ पहुंचने पर देवऋषि स्कूल के विद्यार्थियों ने सड़क के दोनों तरफ खड़े होकर बुके भेंट करते हुए पुष्पवर्षा की। भव्य स्वागत से खुश सुमित ने कहा कि उसे उम्मीद नहीं थी कि गांव पहुंचने पर उनका इतना अधिक सम्मान किया जाएगा। जिलावासियों द्वारा दिए प्यार व स्नेह के लिए सभी का आभार।
सुमित को चांदी का भाला व सीमा को डिस्कस की भेंट
समारोह में ग्रामीणों ने सुमित को चांदी का भाला भेंट किया। साथ ही गांव की बेटी व तीन बार की ओलंपियन सीमा आंतिल को चांदी की डिस्कस भेंट की।
सीएम बोले - गांव की हर छोटी-बड़ी मांग पूरी होगी
सीएम ने गांव में आधुनिक खेल स्टेडियम बनवाने व बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए गांव में पीएचसी की स्थापना करने की घोषणा की। खेवड़ा में 24 घंटे बिजली आपूर्ति दी जाएगी, जिसके लिए ग्रामीण पहले बकाया बिलों की अदायगी करें, जिसके लिए उन्हें किस्त सुविधा दी जाएगी और पेनल्टी व ब्याज माफ किया जाएगा। गांव में साफ-सफाई, पेयजल, ड्रेनेज, निकासी की व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री ने 17 करोड़ की राशि स्वीकृत की। उन्होंने कहा कि गांव का विकास शहरी तर्ज पर होना चाहिए। गांव में एक पार्क भी बनाया जाएगा। साथ ही 1935 में बनाए गए पशु चिकित्सालय की बिल्डिंग का पुनर्निर्माण (नई बिल्डिंग) किया जाएगा। खेतों के करीब 14 रास्तों को पक्का करने के लिए उन्होंने डेढ़ करोड़ की राशि की मंजूरी दी। आईटीआई निर्माण की पूर्व घोषणा को उन्होंने जल्द पूरा करने की घोषणा के साथ विश्वास दिया कि नियमानुसार गांव के बच्चों को दाखिला दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि एनएच-334 बी के साथ सर्विस रोड (450 मीटर) को पूरा करवाया जाएगा, जिस पर करीब साढ़े तीन करोड़ की लागत आएगी।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
भाजपा जिलाध्यक्ष तीर्थ राणा, जजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया, मीना नरवाल, सुमित्रा चौहान, आजाद नेहरा, रविंद्र दिलावर, निशांत छोक्कर, किरण बाला, कविता चौधरी, जसबीर दोदवा, डॉ. रामकिशन सरोहा, योगेश पाल अरोड़ा, प्रदीप सांगवान, अजीत आंतिल, बबीता दहिया, विजयपाल आंतिल, माईराम कौशिक, प्रोमिला मलिक, राजपाल सेवली, सुमित के चाचा सतबीर, जयभगवान ठेकेदार, ओलंपियन सीमा आंतिल व अमित दहिया मौजूद रहे।