टोक्यो पैरालंपिक के भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले गांव खेवड़ा के लाडले सुमित आंतिल के अभिनंदन समारोह का आयोजन स्थल बदल दिया गया है। लगातार हो रही बारिश से हुए जलभराव के कारण अब यह समारोह गांव के राजकीय स्कूल की बजाय पास के ही डीपीएस (दिल्ली पब्लिक स्कूल) के ऑडिटोरियम में किया जाएगा। फैसला शनिवार को भी बारिश की संभावना के चलते लिया गया है। अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल शामिल होंगे, जबकि डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला भी पहुंच सकते हैं। वहीं कार्यक्रम के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
टोक्यो में आयोजित पैरालंपिक में रिकार्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए गांव खेवड़ा के सुमित आंतिल ने स्वर्ण पदक जीता था। सुमित आंतिल टोक्यो से अपने अन्य साथियों के साथ वीरवार की रात को दिल्ली में पहुंच चुके हैं। सुमित के अभिनंदन के लिए गांव में शनिवार को समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सीएम मनोहर लाल शामिल होंगे। वह तीसरे पहर तीन बजे पहुंचेंगे। पहले यह कार्यक्रम गांव के ही राजकीय स्कूल में निर्धारित किया गया था और हेलिपेड गांव के स्टेडियम में बनाने की तैयारी की गई थी, लेकिन बारिश के कारण अब पूरा कार्यक्रम स्थल बदल गया है। समारोह स्थल पर जलभराव भी हो गया है। अब डीपीएस के सभागार में कार्यक्रम होगा।
खुली जीप में सुमित को लाया जाएगा गांव में
सुमित के गांव में लौटने व कार्यक्रम में सीएम के शामिल होने के चलते सुरक्षा के सभी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। शनिवार को दिल्ली से सुमित अपने गांव खेवड़ा के लिए चलेंगे। यहां उनके भव्य स्वागत की तैयारी की गई है। केएमपी जीरो प्वाइंट पर ग्रामीण उनका अभिनंदन करेंगे। वहां से सुमित को खुली जीप में गांव में लाया जाएगा। इससे पहले बहालगढ़ में भी जोरदार स्वागत किया जाएगा। इस दौरान भारी भीड़ उमड़ने का अनुमान जताया जा रहा है। ऐसे में सोनीपत पुलिस की ओर से सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। हाईवे पर किसी तरह की जाम की स्थिति न बन सके, इसके लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।
नौ डीएसपी, 50 इंस्पेक्टर के साथ एक हजार पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
सुरक्षा व्यवस्था व जाम की स्थिति न बनने के लिए पुलिस ने व्यापक प्रबंध किए हैं। इसके लिए एसपी जश्नदीप सिंह के मार्गदर्शन में नौ डीएसपी, 50 इंस्पेक्टर के साथ ही एक हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एसपी ने कार्यक्रम के लिए सभी पुलिसकर्मियों को पहले ही आवश्यक हिदायत दे दी है। पुलिस ने सुरक्षा व जाम की स्थिति से निपटने के लिए आठ स्थानों पर नाके लगाए हैं। इनमें बहालगढ़, पलड़ी कलां, खेवड़ा गांव, झुंडपुर मोड़, खेवड़ा-सेवली रोड, असावरपुर रोड, खेवड़ा-दीपालपुर रोड पर नाके लगाए गए हैं।
ग्रामीण सीएम को सौंपेंगे मांगपत्र, डीसी के साथ हुई चर्चा
डीसी ललित सिवाच ने खेवड़ा गांव के विकास के लिए कैंप कार्यालय में शुक्रवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने विस्तार से ग्रामीणों की मांगों के लिए अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों का एस्टीमेट तैयार करें। इस दौरान गांव को कई सौगातें मिल सकती हैं।
विधायक मोहनलाल ने किया समारोह स्थल का दौरा
सीएम के आगमन के दृष्टिगत राई से विधायक एवं भाजपा के प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली ने शुक्रवार को गांव खेवड़ा स्थित डीपीएस का दौरा किया। उन्होंने पैरा ओलंपिक खिलाड़ी के सम्मान समारोह के आयोजन की तैयारियों के साथ हर प्रकार की व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच-पड़ताल की।
सुमित को चांदी का भाला देकर करेंगे सम्मानित
सुमित को ग्रामीण चांदी का भाला देकर सम्मानित करेंगे। आयोजन समिति के सदस्य अशोक कौशिक ने बताया कि इस दौरान सीएम को पगड़ी पहनाकर व शॉल देकर स्वागत किया जाएगा। साथ ही ग्रामीण कार्यक्रम में गांव की बेटी सीमा आंतिल को डीएसपी बनाने की मांग रखेंगे। सीमा तीन ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इसके साथ ही गांव में महिला कॉलेज बनाने की मांग भी रखेंगे।