फोटो 30 : सोनीपत के गन्नौर लघु सचिवालय के प्रवेश मार्ग पर अवैध पार्किंग से वाहनों की लगी कतार।
गन्नौर। लघु सचिवालय के मुख्य प्रवेश मार्ग पर रोजाना लगने वाले जाम से लोग और कर्मचारी लगातार परेशान हैं। एंट्री का रास्ता संकरा होने के कारण यहां थोड़ी सी भी लापरवाही यातायात को पूरी तरह बाधित कर देती है। बावजूद इसके लोग प्रवेश द्वार के आसपास अपनी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं।
इससे न केवल आम नागरिकों को बल्कि विभिन्न कार्यालयों में आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी परेशानी होती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम प्रवेश कादियान ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि वाहन खड़े करने वालों के चालान किए जाएं।
एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को भी निर्देश दिए हैं कि लघु सचिवालय की एंट्री के आसपास नो पार्किंग के बोर्ड और नो पार्किंग जुर्माने से संबंधित सूचना बोर्ड लगाए जाएं जिससे लोगों को पहले से ही नियमों की जानकारी मिल सके। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की बात कही।