सोनीपत। कामी-गन्नौर रोड स्थित शुगर मिल के पास मंगलवार शाम को कुछ लाेगों ने सड़क उखाड़ दी, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शुगर मिल के पास जमीन को लेकर लोक निर्माण विभाग व जटवाड़े के किसान के बीच काफी समय से कोर्ट में मामला विचाराधीन था।
मामले में तीन दिन पहले हुई सुनवाई के दौरान जटवाड़ा निवासी के पक्ष में फैसला सुनाया था। फैसला पक्ष में आने के बाद जटवाड़ा निवासियों ने विभाग को जमीन उपलब्ध करवाने या मुआवजा देने की मांग की, लेकिन विभाग की तरफ से कोई निर्णय नहीं लिए जाने पर जटवाड़ा के लोगों ने शुगर मिल के पास सड़क को बीच से उखाड़ दिया। रास्ता उखाड़े जाने की सूचना पर शुगर मिल की एमडी अनुपमा मलिक व लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता पंकज गौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब अधिकारी मौके पर पहुंचे तो जटवाड़ा पक्ष मौके पर नहीं मिला। इसके बाद अधिकारियों ने रूट डायवर्ट करवाते हुए वाहनों को सब्जी मंडी, जटवाड़ा वाया गांव कामी, गन्नौर के लिए रवाना किया।
विज्ञापन
शुगर मिल के पास जमीन का मामला कोर्ट का है। उन्हें इस मामले की पूर्ण जानकारी नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।
- पंकज गौड़, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सोनीपत।