गांव गंगाना में प्लॉट में मिट्टी डालने पर टोका तो व्यक्ति ने चाचा-भतीजे पर चाकू से वार कर दिया। इसके साथ ही दो साथियों के साथ मिलकर दोनों की पिटाई भी की। इसको लेकर पीड़ित ने बुटाना पुलिस चौकी में शिकायत दी है। पुलिस ने तीन नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव गंगाना निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह गांव में अपना नया मकान बना रहा है। इसको लेकर उसने अपना सामान गांव के ही वीरेंद्र के मकान में रखा हुआ है। इसके साथ ही अपने पशुओं को चाचा के लड़के अनिल के मकान में बांध रखा है। उसके अनुसार अनिल का पड़ोसी नरेश भी अपने मकान की मरम्मत करा रहा है। आरोप है कि नरेश ने चहारदीवारी को तोड़ते समय जान-बूझकर दीवार की मिट्टी पशुओं की तरफ डाल दी। इसको लेकर वह उसे मना करके आया था। आरोप है कि 3 मार्च को शाम करीब छह बजे नरेश कुमार वीरेंद्र के गेट के बाहर खड़ा था। उसी समय नरेश आया और रंजिशन उससे गाली-गलौज करने लगा। साथ ही उसने अचानक नरेश कुमार के बाएं हाथ पर चाकू से वार कर दिया। इसके बाद उसका भतीजा प्रमित उर्फ पम्मी बीच-बचाव करने आया तो उसे भी चाकू मार दिया। इसके बाद वह परिवार के अन्य सदस्यों को देखकर भाग गया। बाद में नरेश, राजकुमार व तेज सिंह वहां आए और उसके परिवार वालों के साथ मारपीट करने लगे। उन्होंने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। वहां गांव वालों के इकट्ठा होने पर तीनों चले गए। इसके बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।