गोहाना। गिवाना गांव में कहासुनी की रंजिश में कार के सामने गाड़ी लगाकर दो ग्रामीणों की डंडों से पिटाई करने का मामला सामने आया है। वहीं दो ग्रामीणों ने भागकर जान बचाई है। सदर थाना पुलिस ने घायल ग्रामीण की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अमन ने बताया कि एक साल पहले प्रदीप और रामकिशन में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। वह और रामकिशन, राहुल, पिंटू कार में बैठकर शनिवार को खेत में धान की फसल देखने गए थे। रास्ते में प्रदीप, नवदीप और 10-12 युवकों ने उनकी कार के सामने अपनी गाड़ियां लगा दीं। इसके बाद उन पर डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने रामकिशन व राहुल को डंडों से बुरी तरह से पीटा। दोनों को पीजीआई रोहतक ले जाया गया। हमलावरों ने फोन करके धमकी दी कि पुलिस को शिकायत देने पर जान से मार देंगे।