फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दोस्त के घर डकैती डालने गए दो युवक काबू

Wed, 03 Jun 2015 12:15 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
आईपीएल मैचों में सट्टे के दौरान लाखों रुपये क्या हारे कि अपने ही दोस्त के घर डकैती डालने की योजना बना डाली। इतना ही नहीं मंगलवार सुबह चाकू के बल पर डकैती की कोशिश भी की, लेकिन पड़ोसियों की मदद से वारदात को विफल कर दिया गया।
विज्ञापन


मौके से दो आरोपियों को भी काबू कर लिया गया। हालांकि दो अन्य भागने में कामयाब रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और काबू किए गए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मोहल्ला कलां निवासी अमित चुघ की गीता भवन चौक के पास शांत मिष्ठान भंडार है। मंगलवार अल सुबह लगभग चार बजे अमित परिवार सहित हरिद्वार के लिए निकले थे। घर पर उसका बेटा पवन (20) था।
विज्ञापन


अभी परिवार को घर से निकले 10 मिनट ही हुए थे कि चार नकाबपोश युवक छत के रास्ते से घर में घुस आए और पवन को चाकू के बल पर काबू कर लिया। इसके बाद उन लोगों ने पवन को चेतावनी दी कि वह घर में रखे आभूषण और नकदी लेकर साथ चले।

इसी दौरान पवन ने चालाकी ने एक युवक का नकाब हटाया तो वह युवक पवन का दोस्त आकाश वर्मा निकला। बस फिर क्या था पवन ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पड़ोस में ही सो रहा दुर्गेश भी जाग गया।

दुर्गेश और पवन ने मिलकर घर में घुसे दो युवकों को काबू कर लिया तो बाकी बाहर खड़े दोनों युवक भाग निकले। इसके बाद पवन ने परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजन घर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।

पुलिस ने मौके पर पहुंच कर काबू किए गए आकाश वर्मा और शिवम को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए दोनों आरोपियों और उनके दो साथियों पर अपहरण के प्रयास और विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू, फिनाइल, रस्सी व अंगोछा बरामद किया है।

अपने ही घर से 6 लाख चुराए थे अमन ने
पवन का मानना है कि उसके अपहरण का षड्यंत्र आईपीएल में खेले गए सट्टे में हार के कारण ही रचा गया था। पवन के अनुसार डेढ़ माह पहले आकाश वर्मा आईपीएल में सट्टा लगाने के लिए अपने ही घर से 6 लाख रुपए चोरी कर ले गया था।

ये पैसा हार जाने के बाद आकाश ने उससे उधार मांगा था, लेकिन उसने देने से मना कर दिया था। पवन के अनुसार इसी कारण आकाश वर्मा ने उसके घर डकैती डालने की योजना बनाई होगी।

पांचों पढ़ते हैं एक साथ
इस मामले की खास बात यह है कि ये चारों आरोपी और पीड़ित पवन चुघ सभी एक साथ पढ़ते हैं। ये पांचों समालखा स्थित पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्र हैं।

सभी बीबीए में पढ़ते हैं। इतना ही नहीं पवन और आकाश के बीच तो काफी गहरी दोस्ती बताई जाती है। इसके अलावा शिवम, अमन और एक अन्य आरोपी भी पवन और आकाश के साथ ही अधिकतर समय बीताते थे।

दोस्तों को ही बताया था कि हूं अकेला
पवन चुघ ने अपने परिजनों के हरिद्वार जाने के बारे में सोमवार को ही दोस्तों को बताया था। असल में पवन की हलवाई हट्टा निवासी आकाश वर्मा, शिवम, अमन और एक अन्य युवक के साथ दोस्ती थी।

सोमवार को चारों पवन की दुकान पर आकर उसके साथ बैठे थे। इसी दौरान अमन ने बताया था कि पूरा परिवार 4 बजे हरिद्वार के लिए निकलेगा और वह अकेला रहेगा।

व्यापारी पहुंचे पुलिस अधीक्षक से मिलने
घटना की सूचना पर सोनीपत व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला के साथ प्रदेश प्रवक्ता किशोर नागपाल, संयोजक संजय वर्मा पीड़ित अमित चुघ की दुकान पर पहुंचे व मामले की जानकारी ली।

इसके उपरांत सभी व्यापारी एसपी अशोक कुमार से उनके आवास पर मिले। एसपी ने इस मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर ललित खत्री, हिमांशु कुकरेजा, दुर्गेश, महेश, ओमप्रकाश, सतीश ग्रोवर, बंटी मनचंदा, ओमी, देवराज, मुकेश आदि शामिल रहे।

अमित चुघ की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों को तो काबू कर लिया गया है, दो अन्य को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन

-नरेश कुमार, प्रभारी ओल्ड चौकी
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें