सोनीपत। अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। कामी रोड पर तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। जिससे उनकी जान चली गई। वहीं नौ दिन पहले हादसे में घायल हुए यू ट्यूबर की पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव भूर्री निवासी अनिल ने सिविल लाइन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि वह रात को करीब 8 बजे अपने भाई विजय के साथ सोनीपत शहर से गांव लौट रहे थे। दोनों अलग-अलग बाइक पर थे। जब वह कामी रोड पर गोशाला से आगे पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार में आए ऑटो ने विजय की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विजय सड़क पर गिर गए।
उन्होंने अपनी बाइक को सड़क के किनारे उतारकर खुद को बचाया। वह भाई को लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। उन्होंने भाई को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से भी रेफर करने पर दूसरे अस्पताल में ले गए, जहां पर उनके भाई की मौत हो गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
घायल यू ट्यूबर ने तोड़ा दम
गांव फतेहपुर के पास हादसे में घायल युवक की मौत हो गई। गांव रोहट निवासी मदन ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उनका बेटा भीम 26 नवंबर की रात अपने दो दोस्त गांव थाना खुर्द निवासी जॉनी और गांव फतेहपुर निवासी साहिल को छोड़ने बाइक पर गए थे। लौटते समय फतेहपुर फ्लाईओवर के नीचे किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में भीम घायल हो गए थे। अब रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान बेटे की मौत हो गई।
भीम करीब एक दशक से अपने गाने बनाकर सोशल मीडिया पर डालते थे। वह गानों को कंपनियों में भी बेचता था। भीम के पास पांच साल का बेटा है। परिवार में माता-पिता, भाई, तीन बहन व पत्नी हैं।