अलग-अलग सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की मां गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने शवों को कब्जे लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप किया। पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गांव ताजपुर निवासी दिलबाग ने बताया कि उसका भाई सज्जन गांव धतूरी स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। वह दोपहर के समय एक प्लाट देखने के लिए मुरथल गया था। उनहें सूचना मिली कि उसके भाई का शव सड़क किनारे पड़ा है। उसको किसी वाहन ने टक्कर मारकर घायल कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची मुरथल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं गांव कुमासपुर निवासी सतीश कुमार ने बताया कि उसका भाई सुभाष मां कमला को साथ बाइक पर सवार होकर दिल्ली के नरेला जा रहा था। वह भी उनके पीछे दूसरी बाइक से जा रहा था। वह नाथुपुर मोड़ के पास पहुंचा तो कैंटर की टक्कर लगने से उसका भाई सुभाष व मां कमला बाइक से सड़क पर जा गिरे और हादसे में दोनों घायल हो गए। इसके बाद उसने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन रास्ते में उसकी भाई सुभाष ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पहुंचे कुंडली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सुभाष के शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।