फोटो 01: सोनीपत बस अड्डे पर पंजाब रोडवेज कर्मियों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन करते रोडवेज कर्म
सोनीपत। राज्य कार्यकारिणी साझा मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को रोडवेज कर्मचारियों ने पंजाब रोडवेज कर्मचारियों के साथ हुए दुर्व्यवहार और लाठीचार्ज के विरोध में बस अड्डे पर दो घंटे तक प्रदर्शन किया। उन्होंने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वहां के कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने की मांग की।
साझा मोर्चा के सोनीपत अध्यक्ष मनजीत पहल, रामपत गोरड़, अनिल बड़ौली ने बताया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले रोडवेज कर्मियों की मांगों को पूरा करने का वादा किया था मगर अब सरकार सरकारी बसों को लाने के बजाय किलोमीटर स्कीम की बसों को थोपने जा रही है।
इसके विरोध में पंजाब में रोडवेज कर्मी आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह किलोमीटर स्कीम किसी से छुपी नहीं है। हरियाणा रोडवेज भी इसका दंश झेल चुकी है। यह साफ है कि किलोमीटर स्कीम के तहत आने वाली बसें किसी तरह से न विभाग हित में हैं और न जनहित में हैं।
हरियाणा रोडवेज कर्मी पीआरटीसी, पनबस व पंजाब रोडवेज के कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पंजाब सरकार वहां के कर्मचारियों की मांग नहीं मानती है तो हरियाणा रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा कोई भी आगामी रणनीति बनाकर आंदोलन का निर्णय लेने के लिए मजबूर होगा।
इस दौरान राकेश दहिया, प्रवीण, राजेश, देवीलाल, धर्मवीर, अजय, संजय, प्रदीप, राकेश, संदीप भी मौजूद रहे।