गोहाना (सोनीपत)। गांव मुंडलाना में वीरवार को तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों बारिश में खेलते हुए तालाब की ओर गए थे। बाद में ग्रामीणों ने दोनों के शव उतराते देखे तो परिजनों को सूचना दी।
गोहाना उपमंडल के ग्रामीण क्षेत्र में वीरवार को चार एमएम बारिश हुई। बारिश के बीच गांव मुंडलाना में वंक्षु और राज (10) खेल रहे थे। वे खेलते-खेलते तालाब की तरफ चले गए। वहां फिसलने से दोनों तालाब में जा गिरे और दोनों की मौत हो गई। बारिश रुकने के बाद जब ग्रामीण तालाब पर पशुओं को लेकर गए तो दोनों के शव उतराते देखे। उन्होंने परिजनों व निवर्तमान सरपंच अजीत को बताया। परिजनों ने बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया है। दोनोें ही परिवारों में मातम छाया हुआ है।