स्थानीय बाईपास पर टाटा-एस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। दोनों शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव गोपालपुर निवासी ऋषिपाल का कहना है कि उसका भाई उदयपाल रोहतक में फर्नीचर बनाने का काम करता था। सोमवार को खरखौदा में उनके परिचित के घर शादी थी। ऐसे में वह अपने भाई उदयपाल के साथ उसके दोस्त की बाइक पर सवार होकर आया हुआ था। शादी में शामिल होकर वह घर लौट रहे थे। रात में जब वह शहर के बाईपास पर पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक टाटा-एस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह साइड में जा गिरा, जबकि बाइक चला रहा उसका भाई उदयपाल सड़क पर गिर गया। जिसके चलते टाटा-एस चालक उसे कुचलता चला गया। जिससे उसके सिर में गहरी चोट आई और कानों से भी खून बहने लगा। चालक हादसे के बाद मौका पाकर फरार हो गया। वह राहगीरों की मदद से अपने भाई को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खरखौदा पहुंचा, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ऋषिपाल की शिकायत पर टाटा-एस चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।