खरखौदा। बैंक में सोने की ज्वेलरी की नीलामी के नाम पर 7.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में खरखौदा थाना पुलिस ने महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें खरखौदा निवासी ज्योति व रोहणा निवासी सुमित हैं। पुलिस ने अदालत में पेश करने के बाद सुमित को दो दिन के रिमांड पर लिया है जबकि महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि झज्जर जिले के गांव आसौदा टोडरान निवासी देवेंद्र ने 2 जनवरी को खरखौदा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 21 नवंबर 2025 को रोहतक के गांव हसनगढ़ निवासी योगेश ने उन्हें फोन कर खरखौदा स्थित आईसीआईसीआई बैंक में सोने की ज्वेलरी की नीलामी की जानकारी दी थी।
उसने करीब ढाई लाख रुपये में ज्वेलरी मिलने की बात कही थी। योगेश ने थाना चौक के पास पिज्जा पॉइंट पर महिला से मिलवाया था। ज्योति ने रुपये लेकर बैंक से ज्वेलरी दिलाने का आश्वासन दिया और सुरक्षा के तौर पर दो चेक दिए थे।
उन्होंने महिला को ढाई लाख रुपये दिए तो उसने दो घंटे बाद सोने के चार कड़े दे दिए। 25 नवंबर को योगेश ने दोबारा नीलामी की जानकारी देकर ज्वेलरी की कीमत 5.30 लाख रुपये बताई। इसके बाद उन्होंने अपने साथी रिंकू से बातचीत कर तीन लाख रुपये देने पर सहमति जताई।
अगले दिन खरखौदा पहुंचने पर योगेश और रिंकू ने महिला व उसके साथी को रकम दी और बदले में चार कड़े लिए थे। बहादुरगढ़ में सुनार से जांच करवाने पर कड़े नकली निकले थे। महिला ने ज्वेलरी वापस लेने और रकम लौटाने से इन्कार कर दिया था। अब जांच अधिकारी सुदेश ने ज्योति और सुमित को गिरफ्तार किया है।