गन्नौर। गन्नौर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने ट्यूशन टीचर पर तीन साल से उसके साथ दुष्कर्म करने व शादीशुदा होने के बावजूद उसे विवाह करने को मजबूर करते हुए प्रेम विवाह करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है इस साजिश में ट्यूशन टीचर की पत्नी व मां भी शामिल हैं। मामले में महिला अधिवक्ता पर भी आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस को दी शिकायत में 19 वर्षीय युवती ने बताया कि वह अपनी बुआ के घर रहती है, वहीं रहकर उसने अपनी पढ़ाई की है। जब वह 10वीं कक्षा में थी तो उसकी स्कूल टीचर ने ट्यूशन पढ़ाने के बहाने से उसकी मुलकात अपने पति अमित से करवाई थी। इसके बाद से वह अमित से ट्यूशन पढ़ने लगी। इस बीच आरोपी उनके घर भी आकर पढ़ाने लगा। आरोप है कि अमित ने उसे बहकाकर उसके साथ वर्ष 2017 से अब तक कई बार दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह गर्भवती हो गई। अमित व उसकी मां ने उसे बताया कि उसकी पत्नी मां नहीं बन सकती, इसलिए उन्होंने यह सब किया है। पीड़िता ने बताया कि 27 अप्रैल को आरोपी उसे बहलाकर अपने साथ समालखा एक मंदिर में ले गया और उसका मंगल दोष दूर कराने की बात कहकर उससे शादी कर ली। इसके बाद उन्होंने एक महिला अधिवक्ता के साथ मिलकर उसे झज्जर ले जाकर जबरन उससे विवाह के कागजात पर हस्ताक्षर करा लिए और उसे अपने साथ गन्नौर में घर पर ही रखने लगे। अब आरोपियों का कहना है कि बच्चे को जन्म देने के बाद वह उसकी शादी किसी और से करा देंगे। इसके बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई। 19 जुलाई को उसके फूफा और बुआ ने उसे पुलिस की मदद से आरोपी के चंगुल से छुड़वाया।
थाना गन्नौर प्रभारी वजीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी ट्यूशन टीचर अमित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही इस साजिश में शामिल उसकी पत्नी, मां व महिला अधिवक्ता के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।