गोहाना। गांव गिवाना में छह दिन पहले हुए झगड़े से परेशान किसान ने फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह किसान का शव पशुबाड़े के बरामदे में फंदे पर लटका मिला। मृतक के भाई की शिकायत पर दो के खिलाफ थाना सदर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव गिवाना निवासी मोंटू ने बताया कि वह तीन भाई हैं और एक साथ रहते हैं। तीनों भाई खेती करते हैं। उनके भाई ओमबीर शादीशुदा थे। रविवार शाम को ओमबीर पशुबाड़े के बनाए गए बरामदे में सोने चले गए थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे वह पशुबाड़े में गए तो उनके भाई बरामदे में रस्सी के सहारे फंदे से लटके मिले। उन्होंने अपने भाई राजेश को बुलाया। गांव के लोग भी वहां आ गए। ओमबीर को फंदे से उतारकर पीजीआई रोहतक लेकर गए। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मोंटू के अनुसार उनके भाई ओमबीर का छह दिन पहले जगबीर व सुमन के साथ झगड़ा हुआ था। फैसले के लिए पंचायती तौर पर बातचीत हुई, लेकिन जगबीर फैसले से सहमत नहीं हुए। इसके चलते उनके भाई मानसिक रूप से परेशान थे। इसी परेशानी में उन्होंने फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।