गन्नौर। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में जल संरक्षण को लेकर वाटर रीसाइक्लिंग की योजना पर हरियाणा राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने काम शुरू कर दिया है। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में जल पुनर्चक्रण (वाटर रीसाइक्लिंग) पर विभाग करीब 3.27 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए विभाग की तरफ से टेंडर जारी कर दिया है।
योजना के अनुसार बड़ी औद्योगिक क्षेत्र फेज एक व दो में पाइपलाइन बिछाई जाएगी। पाइपलाइन को बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित सीईटीपी प्लांट से जोड़ा जाएगा। इसके बाद सीईटीपी से शोधित होने वाले पानी को दोबारा फेक्टरियों में आपूर्ति किया जाएगा, जिन्हें वह दोबारा प्रयोग कर सकेंगे। इससे जल का दोहन कम होगा। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में डाइंग फैक्टरियों में लाखों लीटर पानी हर रोज प्रयोग किया जाता है। इससे भूमिगत जल का स्तर तेजी से गिर रहा है। ऐसे में सीईटीपी प्लांट से शोधित होने वाली पानी को दोबारा फैक्टरियों तक पहुंचाने की योजना पर काम शुरू किया गया है। पाइपलाइन दबाने के बाद डाइंग प्लांट में यह शोधित पानी डाइंग के कार्यों में दोबारा प्रयोग किया जा सकेगा। फैक्टरी संचालक भी शोधित पानी को दोबारा प्रयोग करने के लिए तैयार हैं।
टेंडर अलॉट होते ही बिछेगी पाइपलाइन
बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में फेज एक व दो में पाइपलाइन दबाई जानी है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है। अगले महीने टेंडर खोला जाएगा। नियमानुसार एजेंसी को टेंडर अलॉट कर दिया जाएगा। इसके बाद पाइपलाइन दबाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
-जसबीर देशवाल, वरिष्ठ प्रबंधक, एचएसआईआईडीसी बड़ी