देश में बढ़ती आतंकी गतिविधियों को देखते हुए सोनीपत रेलवे जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अंबाला से पहुंचे दस सदस्यीय स्वॉट दस्ते ने जीआरपी के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन पर आने वाले सभी यात्रियों के सामान की जांच की गई। वहीं स्टेशन पर रुकने वाली मेल, एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों में भी सघन जांच अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक रेलवे संगीता कालिया ने राजकीय रेलवे पुलिस के सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों, सभी थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्ज को पत्र जारी कर अपने-अपने संबंधित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। पत्र के माध्यम से बताया कि देश में आतंकी गतिविधियां लगातार जारी है। रेलवे विभाग में अलग-अलग जगहों पर मिले धमकी भरे पत्रों में रेलवे स्टेशन व रेलवे लाइनों को उड़ाने की धमकियां दी जा रही है। इसलिए सभी अपने अधिकार क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी रखें। इस दौरान रेलवे स्टेशन, प्रतीक्षालय, भोजनालय, टिकट काउंटर, माल गोदाम, पार्सल ऑफिस व अन्य स्थानों पर निरंतर जांच करें।
डॉग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ता करेगा जांच
रेलवे जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के साथ ही सप्ताह में दो बार डॉग स्कवायड व बम निरोधक दस्ते से भी जांच करवाई जाएगी। यह जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा। एसपी रेलवे का कहना है कि निर्देशों की पालना करने में कोताही बरने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
25 सीसीटीवी कैमरों से भी रखी जा रही निगाह
रेलवे जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के लिए स्टेशन के पांचों प्लेटफार्म पर अलग-अलग स्थानों पर 25 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिसका कंट्रोल रूम आरपीएफ में बनाया गया है। सीसीटीवी के माध्यम से भी स्टेशन पर होने वाली सभी गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है।
यात्रियों में चलती रही चर्चा
रेलवे जंक्शन पर स्वैट टीम व जीआरपी द्वारा चलाए जा रहे अभियान को देखते हुए यात्रियों में भी भय का माहौल रहा। हालांकि जांच टीम ने यात्रियों को कहा कि यह मात्र सामान्य जांच है, घबराने की जरूरत नहीं। इसके बावजूद यात्रियों में चर्चाओं का माहौल गर्म रहा।
रेलवे जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जीआरपी के 25 व स्वैट टीम के 10 कर्मचारी चप्पे-चप्पे पर नजर रखे हुए हैं। हर आने-जाने वाले पर पैनी निगाह रखी जा रही है। यात्रियों के सामान के साथ ही ट्रेनों में भी सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
-महाबीर सिंह, प्रभारी, जीआरपी, सोनीपत