सोनीपत। ओल्ड डीसी रोड पर चोरों ने ट्रैवल एजेंसी की गाड़ी के चारों पहिए चोरी कर लिए। कार सुबह ईंटों पर खड़ी मिली। चोर दूसरी कार में सवार होकर आए थे। घटना सीसीटीवी में दिखाई दे रही है।
तारा नगर निवासी मनोज ने ओल्ड डीसी रोड पर हरे कृष्णा नाम से ट्रेवल एजेंसी खोल रखी है। उनके चालक नवीन कार लेकर फरीदाबाद गए थे। वीरवार रात को लौटकर उन्होंने कार को ओल्ड डीसी रोड स्थित कार्यालय के पास खड़ी कर दिया था। नवीन सुबह गाड़ी लेने के लिए पहुंचे तो कार के टायर गायब थे। कार ईंटों के सहारे खड़ी थी। कार का बंपर और लाइट भी टूटी थी।
नवीन ने पंजाब गए मनोज शर्मा को मामले से अवगत कराया। नवीन ने बताया कि 11 बजे तक गाड़ी सही हालत में खड़ी थी। सीसीटीवी की जांच की तो रात को उनकी कार के आगे एक गाड़ी खड़ी दिखाई दी। उसमें से दो युवक उतरे थे। दोनों कार के टायर उतार ले गए। सीसीटीवी फुटेज में चेहरे स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे हैं।