गोहाना। गांव गढ़ी सराय नामदार खां के युवकों में डाक कावड़ लाने के दौरान हुई कहासुनी की रंजिश में एक युवक ने गांव में सैलून पर दूसरे युवक के सीने में कैंची से वार कर घायल कर दिया। युवक को गोहाना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने गंभीर हालत देखकर खानपुर कलां बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल रेफर कर दिया। शहर थाना गोहाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव गढ़ी सराय नामदार खां निवासी रवि मेहरा ने बताया कि वह अपने गांव के युवकों के साथ हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर आए थे। उनके गांव का कर्मबीर भी डाक कांवड़ लेकर आया था। रास्ते में कर्मबीर के साथ उनकी कहासुनी हो गई थी। रवि के अनुसार शनिवार शाम को उन्हें कर्मबीर सोनीपत रोड पर हेयर ड्रेसर की दुकान पर मिला। उसने कहा कि कांवड़ को लेकर जो विवाद हुआ वह ठीक नहीं था। इस पर कर्मबीर ने उसे जातिसूचक शब्द कहे और दुकान से कैंची उठाकर उसके सीने पर वार कर दिया। आरोप है कि उसे गला पकड़कर नीचे गिरा दिया और नरेंद्र व ललित ने भी उसकी पिटाई की। वहां मौजूद एक युवक ने उन्हें छुड़वाया और अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।