फोटो 34- सोनीपत की कच्चे क्वार्टर मार्केट स्थित बर्तन की दुकान पर क्रॉकरी खरीदते ग्राहक। संवाद
- फोटो : samvad
सोनीपत। दीपोत्सव को लेकर शहर के प्रमुख बाजारों में चहल-पहल बढ़ने लगी हैं। खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बाजार में उमड़ने लगी है। इलेक्ट्रॉनिक सामान, रंग-बिरंगे दीये, साज-सज्जा के सामान के साथ पूजन सामग्री के सामान की दुकानों पर खरीदार पहुंचने लगे हैं। वहीं धनतेरस को लेकर बर्तन की दुकानों पर भी भीड़ उमड़ने लगी है।
दुकानदारों को धनतेरस पर खरीदारी के रूप में जमकर धन बरसने की उम्मीद है। शहर के बाजार सज गए हैं। धनतेरस पर आभूषण, बर्तन व झाडू खरीदना शुभ माना जाता है। ऐसे में बर्तनों की दुकानों पर भी लोगों की चहल-पहल बढ़ती जा रही है। वहीं बाजार में भगवान कुबेर व आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि, लक्ष्मी-गणेश की सजी हुई स्वदेशी मूर्तियों के स्टॉल लगने लगे हैं।
दुकानदार प्रमोद, अखिलेश, नितिन ने बताया कि इस बार ग्राहक भगवान कुबेर व धन्वंतरि की मूर्तियों की ज्यादा मांग कर रहे हैं। दिवाली पर्व को लेकर लक्ष्मी-गणेश की सजी मूर्तियों की मांग बढ़ गई है। दुकानों पर मिट्टी से बनी सजी हुई मूर्तियां 40 से 450 रुपये, पीओपी की मूर्तियां 100 से 1800 रुपये तक उपलब्ध हैं।
स्टील के साथ पीतल व कांसे के बर्तनों की मांग
कच्चे क्वार्टर मार्केट स्थित दुकानदार हरिओम ने बताया कि दिवाली पर्व से पहले धनतेरस को लेकर स्टील के साथ पीतल व कांसे के बर्तनों की मांग बढ़ने लगी है। धनतेरस पूजन के लिए लोग बर्तनों में पूजन थाली, गिलास, कटोरी, चम्मच सेट, कूकर, ज्योत स्टैंड, पूजन के बर्तनों, घंटी की खरीदारी ज्यादा कर रहे हैं। साथ ही क्रॉकरी के सामान की खरीद भी बढ़ गई है।
फोटो 34- सोनीपत की कच्चे क्वार्टर मार्केट स्थित बर्तन की दुकान पर क्रॉकरी खरीदते ग्राहक। संवाद- फोटो : samvad