खरखौदा। गांव फरमाणा में शादी समारोह में शामिल होने आए युवक ने अपने बेटे को समारोह स्थल के बाहर कार में सुला दिया था और गाड़ी स्टार्ट छोड़कर पास में लघुशंका करने लगा। इसी बीच चोर कार को लेकर भाग गया। युवक ने चोर को भागते देख दूसरी कार से उसका पीछा किया और 13 किलोमीटर दूर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी नशे में होने के चलते उसे पता नहीं था कि कार में बच्चा भी है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसका मेडिकल कराने के बाद अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गांव भठगांव निवासी दिनेश ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार रात को उनकी भतीजी की शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए वह अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ फरमाणा स्थित वाटिका में आए थे। इस दौरान देर रात करीब डेढ़ बजे उनके पांच वर्षीय बेटे निश्चय को नींद आने लगी तो वह उसे वाटिका से बाहर गाड़ी में सुलाने के लिए ले आए। दिनेश का कहना है कि इस दौरान उन्होंने कार को चालू कर रखा था। कुछ देर बाद वह लघुशंका के लिए गाड़ी से नीचे उतरे और कुछ दूर चले गए। इसी बीच एक चोर को गाड़ी स्टार्ट देखकर उसे लेकर भाग गया। वह वापस लौटे तो युवक गांव भठगांव की तरफ भागता दिखाई दिया। यह देख वह सकते में आ गए। कार में उनका बेटा निश्चय भी सो रहा था। उन्होंने तुरंत दूसरी गाड़ी लेकर चोर का पीछा करना शुरू किया। इस दौरान चोर गांव करीब आठ किलोमीटर दूर गांव भठगांव गोशाला तक गया और फिर वापस आने लगा। जिस पर उन्होंने अपने भाई को सूचना देने के साथ ही पुलिस को सूचित किया। ऐसे में उनके भाई ने भी अपनी एक गाड़ी को सड़क पर लगाकर रास्ता बंद कर लिया। उसके इशारा करने पर भी चोर ने उनकी गाड़ी को नहीं रोका। दिनेश का कहना है कि उन्होंने काफी मशक्कत के बाद भठगांव से पांच किलोमीटर दूर महिपुर गांव के पास चोर को गाड़ी सहित पकड़ा और अपने बच्चे को भी गाड़ी में से बरामद किया। जिसके बाद ही उनकी जान में जान आई। वहीं गाड़ी लेकर भागे चोर ने अपनी पहचान गांव जसराना निवासी मंदीप के रूप में दी। उसे फरमाणा चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी ने पुलिस व परिजनों के सामने कार में बच्चे के होने की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।
शराब के नशे में था आरोपी
मामले के जांच अधिकारी विकास ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर चिकित्सक से मेडिकल कराया गया। जिसमें आरोपी नशे में मिला। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वर्जन
चालक ने कार चोरी की शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि कार में बच्चा भी सो रहा था। बाद में कार को बरामद कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ कार चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। -इंस्पेक्टर सुनील कुमार, थाना प्रभारी, खरखौदा