सोनीपत। शहर की कच्चे क्वार्टर मार्केट में अतिक्रमण परेशानी का सबब बन चुका है। अतिक्रमण के चलते 40 फुट का रास्ता आधा भी नहीं रह गया है। जिसके चलते यहां जाम की समस्या आम हो चुकी है। सीएम विंडो व कष्ट निवारण समिति की बैठक में अतिक्रमण को लेकर शिकायत मिलने पर बुधवार को नगर निगम की टीम ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार बलवान सिंह के नेतृत्व में कब्जा हटाने मार्केट में पहुंची।
इस दौरान दुकानदारों ने दुकान बंद कर कार्रवाई का विरोध कर दिया। जिस पर टीम महज 10 दुकानों के सामने थड़े तोड़ने की खानापूर्ति कर टीम लौट गई। इससे पहले दुकानदारों ने 5 सितंबर तक का समय भी मांगा।
कच्चे क्वार्टर मार्केट की करीब 40 फुट की सड़क में से 20 फुट क्षेत्र में कई दुकानदारों ने पक्के निर्माण कर रखे हैं। उन्होंने सड़क के दोनों ओर अपनी दुकानों के आगे मेज लगाकर सामान रख लिया है। ऐसे में सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण मार्केट में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। भीड़ ज्यादा होने के कारण कोरोना काल के बीच सामाजिक दूरी का पालन तक नहीं हो पाता। अतिक्रमण हटवाने के लिए नगर निगम की तरफ से फरवरी 2020 में 350 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए थे। जिसके बाद बातचीत कर दुकानदारों ने 22 फुट सड़क खाली रखने का फैसला लिया था। उसके बाद अब दोबारा से 22 फुट की सड़क पर भी अतिक्रमण किए जाने पर इसकी शिकायत सीएम विंडो व जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में दी गई थी।
समिति की बैठक 7 सितंबर को परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा की अध्यक्षता में होनी है। इससे पहले नगर निगम की टीम बुधवार 12 बजे जेसीबी लेकर कार्रवाई करने पहुंच गई। जिस पर दुकानदारों ने दुकानें बंद कर निगम की कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार बलवान सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। साथ ही सिविल लाइन थाना प्रभारी नीरज के नेतृत्व में पुलिस बल भी तैनात किया गया।
दुकानदार बलदेव, शेरसिंह, यशपाल, ललित, नरेंद्र खत्री, रामप्रकाश, वीरेंद्र, जवाहर ने कहा कि जब उनके बुजुर्ग पाकिस्तान से यहां आए तो उनके लिए यहां मार्केट स्थापित की गई थी। सभी को 36-36 गज जगह दी गई थी। उनके पूर्वजों ने बाद में उस जमीन के हिस्से बच्चों की संख्या अनुसार बांट दिया। इसके बाद दुकानदारों ने दुकानों का दायरा बढ़ाया। इसके बाद दुकानदारों व प्रशासन की बैठक में 40 फुट की गली में से भी नौ-नौ फीट दोनों तरफ छोड़कर दुकान व फड़ी लगाने का समझौता हुआ था। अब वह उसी जगह तक सीमित रहते हुए 22 फुट का रास्ता छोड़ रहे हैं। नगर निगम की ओर से बार-बार की जा रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से दुकानदारों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
जेसीबी मशीन चलते ही कार्रवाई रुकवाने को आगे अड़े दुकानदार
मार्केट में बढ़ते विरोध के बीच नायब तहसीलदार बलवान सिंह व नगर निगम के एसडीओ सुरेश कुमार ने दुकानदारों को समझाने की कोशिश की। इसके साथ ही नायब तहसीलदार बलवान सिंह ने दुकानों के सामने सड़क तक पैमाइश कराई। इस दौरान 9 फुट से ज्यादा किए गए अतिक्रमण पर जेसीबी मशीन चलने लगी तो दुकानदार जेसीबी के आगे अड़ गए और इस संबंध में दुकानदारों ने निगम आयुक्त से मिलने को कहा। साथ ही दुकानों के आगे 9 फुट की जगह पर सामान रखकर बेचने का पत्र दिखाकर 5 सितंबर तक का समय मांगा। इस पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार बलवान सिंह ने कहा नगर निगम की ओर से दोबारा नोटिस जारी किए जाएंगे। 6 सितंबर को दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होगी।
यह कहना है व्यापारियों का
मार्केट में 22 फुट सड़क को छोड़ रखा है। इस सड़क से दो गाड़ी एक साथ आसानी से निकल जाएगी। उसके बाद भी निगम प्रशासन की ओर से बार-बार की जा रही कार्रवाई से दुकानदारों को परेशानी हो रही है। प्रशासन व्यापारियों की कोई सुनवाई नहीं कर रहा। इसको लेकर व्यापारी जल्द ही नगर निगम आयुक्त से मिलकर इसका समाधान जरूर निकलवाएंगे।
- राकेश चोपड़ा, प्रधान कच्चे क्वार्टर मार्केट
दुकानदार अपनी दुकानों के आगे 9 फुट की जगह पर सामान रखकर बेच रहे हैं। उसके बावजूद प्रशासन की ओर से की जा रही तोड़फोड़ की कार्रवाई गलत है। पहले ही लॉकडाउन में दुकानदारों को काफी नुकसान हो गया है, अब प्रशासन द्वारा मार्केट के दुकानदारों को परेशान किया जा रहा है।
- जवाहर चांदना, दुकानदार
प्रशासन की ओर से मार्केट को उजाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अगर बार-बार तोड़फोड़ की कार्रवाई चलती रही तो मार्केट में पांच हजार से ज्यादा लोगों का रोजगार खत्म हो जाएगा। जिससे बेरोजगारी और बढ़ जाएगी।
- हंसराज वर्मा, दुकानदार
पहले ही दुकानदार लॉकडाउन की मार झेल रहे हैं और अब प्रशासन दुकानों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई करके दुकानदारों को नुकसान पहुंचा रहा है। ऐसे में दुकानदारों को परेशानी ज्यादा बढ़ गई है।
- जयकंवार सैनी, दुकानदार
वर्जन
कच्चे क्वार्टर मार्केट में अतिक्रमण हटवाने को नगर निगम की तरफ से दो नोटिस दे रखे हैं। अब तीसरी बार नोटिस देकर 6 सितंबर को दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
- बलवान सिंह, नायब तहसीलदार सोनीपत