सीआईए, खरखौदा की गिरफ्त में वाहन लूट व चोरी के आरोपी। संवाद
- फोटो : Sonipat
सीआईए खरखौदा की टीम ने लूट व चोरी कर लाए गए वाहनों को स्क्रैप में बेचने के आरोप में दो लोगों को काबू किया है। आरोपी सिसाना निवासी प्रवीन व खरखौदा निवासी राहुल है। राहुल के पास से अवैध हथियार भी बरामद किया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी और लूट की एक दर्जन वारदात भी कुबूली हैं।
सीआईए खरखौदा प्रभारी इंस्पेक्टर योगेंद्र ने बताया कि उनकी टीम ने सिसाना में एक प्लॉट में चल रहे स्क्रैप स्टेशन पर जाकर जांच की तो पाया कि दो युवक एक कार में बैठकर उसके पुर्जे खोल रहे हैं। नाम-पता पूछने पर एक ने खुद को सिसाना निवासी प्रवीन तो दूसरे ने जसराणा फिलहाल खरखौदा निवासी राहुल बताया। मौके पर मिली कार के कागजात मांगने पर आरोपी कागजात नहीं दिखा पाए। पूछताछ करने पर पता चला कि उन्होंने इस कार को तीन दिन पहले जाटल रोड, पानीपत से मास्टर की लगाकर चोरी किया था, जिसे वह यहां पर लाकर उसका सामान निकाल रहे थे। आरोपी प्रवीन ने प्लॉट किराये पर लिया हुआ है। जांच करने पर राहुल के पास से एक अवैध पिस्तौल भी बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें एक दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ जारी है।