फोटो : 22: गिरफ्तार आरोपी। स्रोत : पुलिस प्रवक्ता
सोनीपत। क्राइम यूनिट वेस्ट (सीआईए-1) की टीम ने युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले दिशु को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
9 फरवरी को ब्रिजेश मलिक निवासी विकास नगर ने थाना शहर, सोनीपत में शिकायत दी थी कि उनका भतीजा वंश दोपहर करीब 2-3 बजे अपनी बाइक से प्रगति नगर की काजल केबल वाली गली में मोबाइल का डाटा केबल लेने गया था।
वंश ने गली में अपनी बाइक खड़ी की तो वहां रहने वाले कुलदीप ने उसके साथ झगड़ा किया। झगड़े के दौरान जब एक युवती व उसकी बहन ने बीचबचाव करना चाहा तो कुलदीप ने उनके साथ मारपीट की। धमकी दी कि बीच में मत आना नहीं तो गोली मार दूंगा। इसके बाद कुलदीप ने पिस्तौल से वंश के चेहरे व शरीर पर कई गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौत हो गई। इस संबंध में थाना शहर, सोनीपत में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने इस घटना में एक आरोपी महिला व कुलदीप उर्फ भोलू निवासी गांव रिढाऊ वर्तमान प्रगति नगर, थाना सिटी सोनीपत को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। एक नाबालिग को भी परिजनों की मौजूदगी में अभिरक्षा में लिया गया था। अब अन्य आरोपियों की खोजबीन करते हुए क्राइम यूनिट वेस्ट (सीआईए-1) सोनीपत की अनुसंधान टीम ने चौथे आरोपी दिशु निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। दिशु पर हत्यारोपियों को पिस्तौल मुहैया कराने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।