फोटो 29: सोनीपत के गोहाना अनाज मंडी में सहकारी समिति की दुकान पर यूरिया खाद लेने पहुंचे किसान।
- फोटो : mathura
गोहाना। नई अनाज मंडी स्थित सहकारी समिति की दुकान पर यूरिया खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ लग गई जिससे अव्यवस्था फैलने लगी। माहौल सही न लगते हुए देखकर अधिकारियों ने खाद बांटने के लिए पुलिस को बुला लिया। बाद में आए कई किसानों को खाद नहीं मिल पाई।
क्षेत्र में यूरिया खाद की कमी बनी हुई है। किसान खाद लेने के लिए लगातार चक्कर लगा रहे हैं। शुक्रवार को नई अनाज मंडी स्थित दी गोहाना सहकारी विपणन एवं प्रसाधन समिति लिमिटेड के यहां पर यूरिया के 4700 बैग पहुंचे जिनमें से 1700 बैग किसानों को दिए गए थे।
शनिवार को क्षेत्र के दूसरे किसानों को सहकारी समिति की दुकान पर खाद आने का पता लग गया। सुबह नौ बजे जब कार्यालय खुला तो यहां पर किसानों की भीड़ लग गई। खाद वितरण के लिए कर्मचारियों ने टोकन देने शुरू किए तो किसान एक-दूसरे को धकेलने लगे जिससे अव्यवस्था फैलने लगी। इस पर पुलिस को बुलाया गया।
पुलिस ने किसानों को लाइन में लगाकर टोकन दिलवाए। उसके बाद खाद बांटी गई। 200 किसानों में तीन हजार बैग बांटे गए। प्रत्येक किसान को 15-15 बैग दिए गए। बाद में आने वाले किसानों को खाद नहीं मिल सकी। समिति कार्यालय के कैशियर सतबीर ने बताया कि अगले सप्ताह खाद आ सकती है।