सोनीपत। शहर में सरकार बनाने को हुए मेयर उपचुनाव में मतदाताओं ने उत्साह नहीं दिखाया। निगम क्षेत्र में 268 बूथों पर महज 28.8 फीसदी ही मतदान हो सका। मतदान का आंकड़ा कम रहने से प्रत्याशियों के साथ चुनाव आयोग की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, खरखौदा नगर पालिका में चेयरमैन पद के लिए हुए चुनाव व वार्ड पार्षदों के चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी संतोषजनक रही और 62.3 फीसदी मतदाताओं ने ईवीएम का बटन दबाया।
रविवार को छुट्टी का दिन होने के बावजूद मतदाता बूथों तक नहीं पहुंचे। जिले में महज 31 फीसदी औसत मतदान हुआ। सोनीपत के मेयर पद के पांच प्रत्याशियों व खरखौदा में नपा चेयरमैन के चार व वार्ड पार्षदों पदों के लिए 43 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया है। परिणाम 12 मार्च को घोषित किए जाएंगे। खरखौदा में मतदाताओं ने उत्साह दिखाया और करीब 62.3 फीसदी मतदान कर लोकतंत्र के उत्सव में भाग लिया। वहीं, सोनीपत नगर निगम क्षेत्र के मतदाताओं का रवैया उदासीन ही रहा। प्रत्याशियों व चुनाव आयोग के अधिकारियों के खूब प्रयास के बावजूद कम ही लोग मतदान के लिए घरों से बाहर निकले। नतीजा यह रहा कि एक तिहाई मतदान भी नहीं हुआ और मतदान का आंकड़ा निगम क्षेत्र में 28.8 फीसदी तक सिमट गया। सोनीपत के इतिहास में अब तक यह सबसे कम मतदान रहा।
बूथों पर मतदाताओं की नहीं दिखी कतार
नगर निगम के शहरी क्षेत्र के साथ ही इसमें शामिल गांवों में ज्यादातर मतदान केंद्रों पर कतार दिखाई नहीं दी। बूथों पर तैनात बीएलओ व पोलिंग पार्टियां पूरा दिन मतदाताओं का इंतजार करती रहीं। केंद्रों पर इक्का-दुक्का मतदाता पहुंचते रहे।
मतदाताओं के लिए भेजी ई-रिक्शाएं खाली लौटी
निगम क्षेत्र में जब दोपहर तक मतदान काफी कम हुआ तो प्रत्याशियों ने गलियों में ई-रिक्शाएं भी भिजवाई, लेकिन ज्यादातर ई-रिक्शा चालक खाली ही लौटे। कुछ रिक्शाओं में एक-दो मतदाता पहुंचे। प्रत्याशी लगातार फोन पर भी लोगों को प्रेरित करते रहे, लेकिन मतदाता केंद्रों पर नहीं आए।
पांच प्रत्याशी मैदान में थे
नगर निगम के उपचुनाव में मेयर पद के लिए भाजपा के राजीव जैन, कांग्रेस के कमल दिवान, बसपा से मास्टर धर्मबीर, आम आदमी पार्टी से डॉ. कमलेश सैनी व निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में रमेश खत्री नंबरदार मैदान में उतरे। इसके अलावा ईवीएम में छठा निशान नोटा का था। इन सभी प्रत्याशियों का भाग्य अब ईवीएम में लॉक हो गया है।
आंकड़ों पर नजर
निगम क्षेत्र में मतदाता : 294362
मतदान हुआ : 84923
खरखौदा नपा में मतदाता : 20149
मतदान हुआ : 12543
फोटाे 45: सोनीपत के शंभू दयाल स्कूल में खाली पड़े बूथ। संवाद