नोएडा से शिमला घूमने जा रहे स्कूटी सवार बुजुर्ग को एचएसआईआईडीसी के गेट नंबर-1 के पास तेज रफ्तार वाहन के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल बुजुर्ग को राहगीरों ने गन्नौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बुजुर्ग को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बड़ी थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वेस्ट विनोद नगर, दिल्ली हाल सेक्टर-4 ग्रेटर नोएडा निवासी अभिषेक मिश्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता मनोज कुमार मिश्रा अपनी स्कूटी पर नोएडा से शिमला घूमने जा रहे थे। जब वे एचएसआईआईडीसी के गेट नंबर-1 के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन चालक ने स्कूटी में टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में लगीं चोटों की वजह से उनके पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सत्यवान ने बताया कि पुलिस ने अभिषेक मिश्रा की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही चालक का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।